संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र में झूठी शान के खातिर ने परिजनों ने बेटी को मौत के घाट उतार दिया। युवती का कसूर सिर्फ इतना था कि उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों के मिलने पर पाबंदी लगा दी थी, लेकिन इसके बाद जब युवती युवक से मिली तो परिजन भड़क गए। परिजनों ने शान के खातिर युवती की हत्या कर दी। ऑनर किलिंग की यह घटना शनिवार की रात्रि को हयातनगर में हुई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
हयातनगर थाना क्षेत्र के निवासी युवती संभल में एक संस्थान में काम करती थी। इसी दौरान वह एक युवक से प्यार करने लगी। लेकिन, इसकी जानकारी युवती के परिजनों को लगी तो उन्होंने एक दूसरे के मिलने पर रोक लगा दी। इस बीच चोरी छिपे दोनों में फोन पर बातें होतीं रहीं। शनिवार को मौका मिलने पर युवती प्रेमी से मिलने के लिए संभल पहुंच गई थी। इस बात की जानकारी युवती के परिजनों को लगी तो वह भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने शनिवार की रात्रि युवती की गला दबाकर हत्या कर दी। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया।