ट्रेन से उतरते समय महिला सिपाही गिरी, हाथ पैर कटे
खुर्जा जंक्शन। लिच्छवी एक्सप्रेस से उतरने के दौरान महिला सिपाही गिर कर घायल हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से उसका एक हाथ और एक पैर कट गया। आनन-फानन में घायल महिला सिपाही को अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
गौतमबुद्धनगर के दनकौर कस्बा निवासी मिथलेश पत्नी सुमित पुलिस लाइन गाजियाबाद में सिपाही के पद पर तैनात हैं। सोमवार देर शाम को वह लिच्छवी एक्सप्रेस से खुर्जा जंक्शन स्टेशन पर उतर रहीं थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गईं। इससे उनका एक पैर और हाथ कट गया। घटना को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद आननफानन में मिथलेश को खुर्जा के जटिया अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर जटिया अस्पताल से महिला सिपाही को अलीगढ़ के मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। खुर्जा जंक्शन जीआरपी प्रभारी रजनीश ने बताया कि मामले की पुलिस लाइन गाजियाबाद को भी सूचना दे दी गई है। घटना की जांच की जा रही है। ब्यूरो