धर्मसिंहवा। क्षेत्र के मेंहदूपार गांव के एक ही परिवार के चार सदस्यों की हालत मंगलवार रात भोजन करने के बाद बिगड़ गई। सिर दर्द के साथ बार- बार उल्टी की समस्या शुरू हुई तो आस-पास के लोग जुट गए।
लोगों ने जब चावल पकाए गए बर्तन की तसल्ली से जांच की तो चावल के बीच में मरी हुई छिपकली दिखी। लोगों ने आनन-फानन में बीमार चारों लोगों को जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर ले गए, जहां उनका का उपचार चल रहा है।
मेंहदूपार गांव के अशर्फी ने बताया कि उसके बेटे रामू, श्यामू व गणेश और रामबली पुत्र मेखई एक साथ मंगलवार की रात में खाना खा रहे थे। खाना खाते वक्त ही उनके सर में दर्द होने लगा साथ ही उल्टी भी शुरू हो गई।
हालत बिगड़ती देख घर के सभी लोग परेशान होने गए। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के लोग भी इकट्ठा हो गए। एक साथ सभी लोगों का खाना खाने व एक साथ हालत बिगड़ने को देखकर कुछ लोगों ने खाना पकाने में इस्तेमाल हुए बर्तनों की जांच की।
इसमें चावल के भगौने में मरी हुई छिपकली मिली। चारों की हालात इस कदर बिगड़ गई कि घर के लोग रोने लगे। हालात की नजाकत को देखते हुए लोगों ने देर नहीं की और सभी बीमारों को जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर ले गए।
जहां सभी का इलाज चल रहा है। बीमारों की हालत में सुधार होने की बात बताई जा रही है। गांव के लोगों ने कहा कि भोजन पकाने के बाद सुरक्षित ढक कर रखने की जरूरत है, वरना ऐसी घटनाएं किसी के साथ भी घट सकती हैं।