ससुराल में बंधक बनी महिला को छुड़ाने गई पुलिस पर हमला
होडल। ससुराल में दहेज को लेकर मारपीट की शिकार व कमरे में बंधक बनाकर रखी गई महिला को जब पुलिस बचाने पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में पति सहित चार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जिला नूंह के गांव आलदोका निवासी कमलेश पुत्री नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके पिता ने 2009 में उसकी शादी होडल के गांव लोहिना निवासी संजय के साथ की थी। शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे दहेज कम लाने की बात कहकर उसके साथ मारपीट कर रहे थे। उसने इसकी जानकारी अपने पिता को दी तो ससुराल वालों को समझाया गया, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका। रविवार को उसके पति संजय, जेठ राजीव जो कि हरियाणा पुलिस में कार्यरत हैं, ससुर रणसिंह व सास सुकन ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। उसके जेठ ने उसके साथ छेड़खानी की और उसे बंदूक से गोली मारने की बात कही। इन सभी ने उसे पूरी रात कमरे में बंद करके रखा और मारपीट करते रहे। सुबह जैसे तैसे उसे बाहर आने दिया तो उसने अपनी छोटी बहन का फोन लेकर महिला हेल्पलाइन पर कॉल कर दी। जब उनको पुलिस के पास फोन करने की बात पता चल गई तो उन्होंने उसके साथ फिर मारपीट की। कुछ देर बाद पुलिस उसके घर पहुंच गई तो पुलिस ने उसे बचाने के लिए पुलिस गाड़ी में बैठा लिया। ऐसा होते देख उसके जेठ ने अपनी गाड़ी से पुलिस के वाहन में टक्कर मार दी और उसे पुलिस से छुड़ाने की कोशिश की। उसके बाद सभी ने मिलकर पुलिस पर हमला कर दिया और उसके साथ पुलिस के सामने भी मारपीट की। पुलिस ने मामले में उक्त आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक उक्त आरोपियों में से किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।