युवक को रॉड से पीट-पीटकर किया लहूलुहान
खुर्जा। विवाद होने पर कुछ लोगों ने युवक को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के परिजनों ने पुलिस को आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
बुधवार रात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बुर्जउस्मान निवासी अरविंद कुमार का कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि उन लोगों ने मारपीट करनी शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने मामले को किसी तरह शांत करवा दिया। कुछ देर बाद फिर से वह लोग पहुंच गए और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर अरविंद को लहूलुहान कर दिया। चीखपुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग पहुंचे आरोपी मौके से भाग गए। लोगों ने गंभीर हालत में अरविंद को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत की है।