कार ने स्कूटी सवार दो को रौंदा, एक की मौत
खुर्जा। शिकारपुर रोड के पास बाईपास पर अनियंत्रित कार ने स्कूटी सवार दो लोगों को रौंद दिया। दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से भाग गया।
मंगलवार शाम को खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बड़ी होली निवासी प्रमोद (65) और अतुल बंसल स्कूटी से शिकारपुर रोड पर स्थित मैरिज होम में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात को दोनों स्कूटी से वापस घर लौट रहे थे। शिकारपुर रोड के पास बाईपास पार करते समय तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार प्रमोद और अतुल बंसल को कुचल दिया। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने देखा तो मौके की तरफ दौड़ पड़े। सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ गई। लोगों की मदद से दोनों घायलों को कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अतुल की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।