पुलिस जिला खन्ना के सीआईए स्टाफ खन्ना द्वारा वाल्मीकि मोहल्ला निवासी सन्नी को नाजायज हिरासत में रखकर थर्ड डिग्री देने और करंट लगाने के मामले में राजिंदरा अस्पताल पटियाला से आ रही सन्नी की मेडिकल रिपोर्ट खन्ना पुलिस की मुश्किलें और बढ़ा सकती है। सन्नी की हालत खराब होती जा रही है। सोमवार को आई रिपोर्ट में सन्नी को पीटने में सभी सीमाएं पार करने का खुलासा किया गया है। अभी सन्नी के पेट में सूजन बढ़ती जा रही है। डाक्टर इसका कारण सन्नी को बेरहमी से पीटना और मानवाधिकारों के खिलाफ जाकर घिनौनी हरकतें करना बता रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद घरवालों में पुलिस के खिलाफ गुस्सा और बढ़ गया है। वे इन सभी बातों का खुलासा मेडिकल रिपोर्ट समेत डीजीपी पंजाब के सामने करने वाले हैं।
घरवालों ने अब सीआईए इंचार्ज बलजिंदर सिंह, एएसआई तरविंदर बेदी को सस्पेंड करने के अलावा इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की है। बहुत जल्द वे अपनी इन मांगों को लेकर संघर्ष भी करने जा रहे हैं। एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने इस घटना संबंधी फिलहाल कोई एक्शन नहीं लिया था। उनका कहना था कि थर्ड डिग्री देने वाली कोई बात नहीं है।