विराट कोहली के वनडे क्रिकेट से संन्यास के बाद भारतीय टीम के सामने नंबर-3 की अहम जगह भरने की चुनौती होगी। कोहली पहले ही पुष्टि कर चुके हैं कि 2027 विश्व कप उनका आखिरी विश्व कप होगा। ऐसे में उनके उत्तराधिकारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने इस सवाल का जवाब देते हुए तिलक वर्मा का नाम चुना है। जाफर का मानना है कि बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वनडे में कोहली के नंबर-3 स्थान के लिए बिल्कुल सही विकल्प हो सकते हैं।
एशियाई खेलों के फाइनल में भी दिखाया दम
तिलक ने एशियाई खेलों के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार पारी खेलकर एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित की। वह छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। तिलक की इसी बहुमुखी प्रतिभा से जाफर काफी प्रभावित हैं। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'उनकी बहुमुखी प्रतिभा देखकर अच्छा लगता है। उन्होंने पहले नंबर-3 पर शतक बनाया है और अब नंबर-5 और नंबर-6 पर भी खुद को शानदार तरीके से ढाल लिया है। यह उनकी अद्भुत खूबी है।'
'विराट की जगह ले सकते हैं तिलक'
जाफर ने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के जाने के बाद भारत के पास कई विकल्प होंगे। हालांकि, वह तिलक को विराट की जगह के लिए सबसे उपयुक्त मानते हैं। उन्होंने कहा, 'जब विराट और रोहित चले जाएंगे, तो जाहिर तौर पर रोहित की जगह लेने के लिए यशस्वी जायसवाल हैं, लेकिन मुझे लगता है कि तिलक विराट की जगह ले सकते हैं। आपको एक बाएं हाथ का बल्लेबाज भी मिलेगा। हमने दलीप ट्रॉफी में देखा कि उन्होंने किस तरह रन बनाए। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका औसत करीब 55 है। इसलिए वह तीनों फॉर्मेट में आसानी से फिट हो सकते हैं।'
अभी वनडे में सीमित मौके मिले हैं
तिलक महज 23 साल के हैं, लेकिन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह भारत के लिए काफी अनुभव हासिल कर चुके हैं। वह 65 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और 2026 टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे। हालांकि, वनडे और टेस्ट क्रिकेट में अभी उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका औसत 57 और लिस्ट-ए क्रिकेट में 47 है, लेकिन भारत के लिए उन्होंने अब तक सिर्फ पांच वनडे खेले हैं और टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है।
गिल, गायकवाड़ और ईशान भी दावेदार
विराट के बाद नंबर-3 के लिए भारत के पास कई विकल्प मौजूद हैं। ऋतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन हाल में वनडे में मध्यक्रम में खेल चुके हैं। ऋषभ पंत की प्रतिभा को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वहीं, कप्तान शुभमन गिल भी नंबर-3 की भूमिका संभाल सकते हैं और ऐसी स्थिति में वैभव सूर्यवंशी को सलामी बल्लेबाज के तौर पर वनडे टीम में तेजी से आगे बढ़ाया जा सकता है। इन तमाम विकल्पों के बावजूद जाफर ने विराट के उत्तराधिकारी के तौर पर तिलक वर्मा को अपनी पहली पसंद बताया है।