टी20 विश्व कप विजेता भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम की कमान सौंपी गई है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने सोमवार को 16 सदस्यीय टीम का एलान किया। सूर्यकुमार अपनी अंतरराष्ट्रीय अनुभव, नेतृत्व क्षमता और आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर टीम को खिताब दिलाने की कोशिश करेंगे।
कप्तानी मिलने के बाद क्या बोले सूर्यकुमार?
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने सूर्यकुमार को कप्तान नियुक्त करने की जानकारी देते हुए कहा कि उनके अनुभव और नेतृत्व से टीम को मजबूती मिलेगी। सूर्यकुमार को रणजी ट्रॉफी अभियान के पहले चरण के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था। हालांकि, सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनके शानदार रिकॉर्ड और इस साल भारत को लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कप्तानी मिलने पर सूर्यकुमार यादव ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'मुंबई का प्रतिनिधित्व करना हमेशा गर्व की बात होती है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इस प्रतिभाशाली टीम की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मुंबई की क्रिकेट में समृद्ध विरासत और जीतने की संस्कृति रही है। हम इस परंपरा को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।' उन्होंने आगे कहा कि टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं का अच्छा मिश्रण है। उन्हें भरोसा है कि सभी खिलाड़ी एकजुट होकर पूरे जोश के साथ खेलेंगे। टीम का लक्ष्य ट्रॉफी जीतकर मुंबई वापस लाना है।
कई प्रमुख खिलाड़ी टीम से बाहर
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई को कुछ अहम खिलाड़ियों के बिना मैदान पर उतरना होगा। ऑलराउंडर तनुष कोटियान और सूर्यांश शेडगे को भारत ए टीम में जगह मिली है। दोनों खिलाड़ी दोहा में 19 से 29 नवंबर तक होने वाले राइजिंग स्टार्स एशिया कप में हिस्सा लेंगे। वहीं, श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम के साथ हैं, जबकि रणजी ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी करने वाले सिद्धेश लाड भी इस प्रतियोगिता में नहीं खेलेंगे।
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : PTI
14 नवंबर को है मुंबई का पहला मुकाबला
मुंबई को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी में रखा गया है। टीम अपने सभी लीग मुकाबले कोलकाता में खेलेगी। मुंबई अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को हैदराबाद के खिलाफ करेगी। इसके बाद 16 नवंबर को गुजरात और 18 नवंबर को गोवा से भिड़ंत होगी। मुंबई का अगला मुकाबला 20 नवंबर को विदर्भ, 22 नवंबर को छत्तीसगढ़ और 24 नवंबर को ओडिशा से होगा। लीग चरण में टीम अपना आखिरी मैच 26 नवंबर को उत्तराखंड के खिलाफ खेलेगी।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए मुंबई की टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अथर्व अंकोलेकर, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, दिव्यांश सक्सेना, मैक्सवेल स्वामीनाथन, सुवेद पारकर, तुषार देशपांडे, मुशीर खान, शार्दुल ठाकुर, सरफराज खान, मोहित अवस्थी, सैराज पाटिल, सिल्वेस्टर डिसूजा, शिवम दुबे और हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर)।