इसे कहते हैं किस्मत। विराट कोहली जिनका बल्ला आईपीएल में जमकर बोला लेकिन जिस दिन उनकी गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा मैच के दौरान (एक्स्ट्रा इनिंग्स) आईं तो वह उसी दिन 0 पर आउट हो गए। कोहली टी-20 में लगातार 51 मैचों के बाद पहली बार खाता नहीं खोल पाए थे। तो दूसरी ओर, युवराज सिंह को लीजिए जिनका बल्ला चल ही नहीं रहा था और एक दिन उनकी गर्लफ्रेंड (अब मंगेतर) हेजेल कीथ स्टेडियम में आईं तो उसी दिन उनका बल्ला भी चल निकला।
बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज की इस आतिशी पारी से वह न सिर्फ फॉर्म में लौटे बल्कि टीम को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया जहां से टीम के गेंदबाजों ने स्कोर का बचाव करते हुए फाइनल में पहुंचने की उम्मीद बनाए रखी।
बुधवार को आईपीएल-9 के दूसरे प्लेऑफ मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच मुकाबला खेला गया जिसमें पहले हैदराबाद टीम को पहले बल्लेबाजी करने का चांस मिला जिसमें उसकी शुरुआत खराब रही। लेकिन नाजुक मोड़ पर युवराज सिंह ने मोर्चा संभाला और 30 गेंदों में 8 चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाए।
दिल्ली के फिरोज शाह कोटला के मैदान पर युवराज जब मैच खेल रहे थे तो स्टेडियम में उनकी गर्लफ्रेंड और अब मंगेतर बन चुकीं हेजेल कीथ मौजूद थीं। क्रिकेट को कम पसंद करने वाली हेजेल को खुश करते हुए युवराज ने कुछ शानदार शॉट्स खेले और शायद उनका दिल जीत लिया।
सबसे शानदार बात यह रही कि युवराज इस मैच से पहले आईपीएल में संघर्ष करते दिख रहे थे और उनसे रन नहीं बन रहे थे, लेकिन निर्णायक मोड़ पर उनका बल्ला चला और टीम के खूब काम आया।