दिग्गज बल्लेबाज यूनिस खान ने 2 महीने पहले पाकिस्तान की वनडे टीम से बाहर किए जाने पर चयनकर्ताओं पर जमकर भड़ास निकाली थी लेकिन इन्हीं 2 महीनों में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में इस कदर बल्लेबाजी की उन्हें वनडे टीम में भी जगह देने को मजबूर होना पड़ा।
मजेदार बात यह है कि इन 2 महीनों में यूनिस खान ने एकदिवसीय मैचों के लिए कोई अभ्यास नहीं किया बल्कि वह टेस्ट क्रिकेट खेलने में व्यस्त रहे। लेकिन उन्होंने इस दौरान ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ जमकर बल्लेबाजी करते हुए 5 टेस्ट मैचों में 717 रन बना डाले।
उनकी इसी पारी ने चयनकर्ताओं को खासा प्रभावित किया और उन्हें वनडे टीम में फिर से शामिल होने को मजबूर होना पड़ा। पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज के बाद अब न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज खेलनी है और उन्हें शुरुआती 2 मैचों के लिए टीम में बुलाया गया है।
हालांकि इससे पहले दोनों टीमों के बीच 2 मैचों की ट्वंटी-सीरीज खेली जाएगी। ये मुकाबले 4 और 5 दिसंबर को होंगे। इसके बाद 5 मैचों की वनडे सीरीज 8 दिसंबर से शुरू होगी।
टी-20 टीम की भी घोषणा कर दी गई है। टीम की कमान शाहिद अफरीदी के हाथों है।
वनडे की कप्तानी में कोई बदलाव नहीं
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं ने मिस्बाह उल हक को वनडे टीम का कप्तान बरकरार रखा है। हालांकि वह वनडे में बल्लेबाजी में अच्छा नहीं कर पा रहे और उन्हें रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई पिछली वनडे सीरीज में खराब फॉर्म के कारण उन्होंने तीसरे मैच से अचानक हटने का फैसला ले लिया था जिस कारण टीम की अगुवाई शाहिद अफरीदी को करनी पड़ी थी।
हालांकि फवाद आलम जो इस साल पाकिस्तान की ओर से वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है। उनके अलावा जुनैद खान, उमर अमीन, रजा हसन और अनवर अली को भी टीम में नहीं रखा गया।
यूनिस खान के अलावा टीम में सलामी बल्लेबाज नसीर जमशेद, तेज गेंदबाज उमर गुल, हैरिस सोहैल और बिलावल भट्टी की वापसी हुई है। नसीर ने अंतिम वनडे मैच एक साल पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था।
मैक्कुलम की जगह केन विलियम्सन करेंगे कप्तानी
दूसरी ओर, पाकिस्तान के अलावा न्यूजीलैंड ने भी अपनी टी-20 और वनडे टीम घोषित कर दी है। सीमित ओवरों के इन 2 सीरीज में किवी टीम की अगुवाई केन विलियम्सन के हाथों में सौंपी गई है। नियमित कप्तान ब्रेंडन मैक्कुलम इस सीरीज में नहीं खेलेंगे। मैक्कुलम ने अपने घर में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के वास्ते खुद को तरोताजा रखने के लिए हटने का फैसला लिया है। उनके साथ-साथ तेज गेंदबाज टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट भी इस सीरीज से दूर रहेंगे।
किवी टीम में आलराउंडर एंटन डेविसिस को फिर से शामिल किया गया है जिन्होंने पिछले नवंबर से एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। एडम मिलने भी टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं।
राष्ट्रीय चयन समिति के महाप्रबंधक ब्रूस एडगर ने बताया कि मैक्कुलम, साउदी और बोल्ट को घरेलू सीरीज के लिए आराम दिया गया है। विलियम्सन पहली बार किवी टीम की कप्तानी नहीं करेंगे। इससे पहले वह 3 वनडे और 2 टी-20 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं। जुलाई में आखिरी बार दूसरे टी-20 मैचों में कप्तानी की थी।