विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का खिताबी मुकाबला 18 जून से भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाना है। सबकी निगाहें इस ऐतिहासिक मैच पर टिकी हैं। कई दिग्गज इस मैच को लेकर अलग अलग भविष्यवाणी कर रहे हैं। कोई टीम इंडिया को मजबूत बता रहा है तो कोई कह रहा है कि फाइनल न्यूजीलैंड के पक्ष में जाएगा। वहीं, कोई भारतीय टीम की कमजोरी का भी जिक्र कर रहा है। ऐसे में आइए जानते हैं फाइनल को लेकर किसने क्या कहा?
टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरपान पठान ने कहा, 'डब्ल्यूटीसी फाइनल अब तक का सबसे बड़ा टेस्ट मैच है। मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड 55-45 से फायदे की स्थिति में रहेगा। इसके साथ ही मुझे लगता है कि केन विलियमसन सर्वाधिक रन बनाएगा जबकि ट्रेंट बोल्ट या शमी में से कोई सर्वाधिक विकेट लेगा।' वहीं, भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज अगरकर ने कहा, 'यह कहना मुश्किल है कि मैच कौन जीतेगा लेकिन न्यूजीलैंड इस मैच में दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा। जहां तक सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज की बात है तो मैं विराट कोहली का नाम लूंगा।'
स्टायरिस ने भविष्यवाणी की कि इंग्लैंड के खिलाफ हाल में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले डेवोन कॉन्वे और बोल्ट के दम पर न्यूजीलैंड यह मैच छह विकेट से जीत सकता है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड यह मैच छह विकेट से जीतेगा। डेवोन कॉन्वे सर्वाधिक रन बनाएगा और बोल्ट सर्वाधिक विकेट हासिल करने में सफल रहेगा।' वहीं, टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने कहा, 'मैं चाहता हूं कि फाइनल में पुजारा भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाएं। अगर भारत को जीतना है तो आपको पुजारा को तीसरे नंबर पर रखना होगा। अगर वे बल्लेबाजी करने आते हैं और तीन-चार घंटे क्रीज पर टिकते हैं तो निश्चित तौर पर भारत अच्छी पॉजिशन में होगा।'
उधर, पूर्व विकेटकीपर खिलाड़ी किरण मोरे के मुताबिक टीम इंडिया के लिए उनकी बल्लेबाजी बड़ी समस्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीतने के बावजूद एक यूनिट के तौर पर भारतीय बल्लेबाजी नहीं खेल पाई है और ये चिंता का विषय है। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी बार 2020 में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली थी। उस दौरान उनका उच्च स्कोर 242 रन था।