विश्व कप का उद्घाटन मैच भी यहीं इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच पांच अक्तूबर को होना है। टूर्नामेंट में दो महीने से ज्यादा का समय बचा है, लेकिन अभी तक टिकट की बिक्री पर कोई अपडेट नहीं है।
भारतीय टीम को इस साल के अंत में होने वाले वनडे विश्व कप में पाकिस्तान से भिड़ना है। दोनों टीमें 15 अक्तूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भले ही कार्यक्रम को पहले ही अंतिम रूप दे दिया हो और पिछले महीने सार्वजनिक कर दिया हो, लेकिन इस साल टूर्नामेंट के सबसे प्रतिष्ठित मुकाबले में से एक की तारीख में बदलाव की संभावना है।
विज्ञापन
भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले की तारीख बदली जा सकती है। दरअसल, जिस दिन दोनों टीमों के बीच यह महामुकाबला होने वाला है वह नवरात्रि का पहला दिन है। गुजरात में रात भर गरबा नृत्य के साथ इसे मनाया जाता है। एजेंसियों ने सुरक्षा चिंताओं के कारण बीसीसीआई को किसी अन्य तारीख पर मैच कराने की सलाह दी है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि यह मैच निर्धारित शेड्यूल से एक दिन पहले 14 अक्तूबर को हो सकता है।
रोहित शर्मा और बाबर आजम
- फोटो : सोशल मीडिया
बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, "चूंकि 15 अक्टूबर को नवरात्रि समारोह का पहला दिन है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियों ने सलाह दी है कि इस मैच को पुनर्निर्धारित किया जाना चाहिए। इसके लिए सुरक्षा अधिकारियों की भारी तैनाती की भी आवश्यकता होगी।" जरूरत पड़ने पर आईसीसी को तारीख में बदलाव पर फैसला लेने के लिए बीसीसीआई के साथ बैठना होगा। आईसीसी के करीबी सूत्रों ने कहा, "आगे चर्चा की आवश्यकता है और जब भी संभव होगा हम किसी भी बदलाव की सलाह देंगे।"
अहमदाबाद में बुक हो चुके हैं होटल
बीसीसीआई भी सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर विचार कर रहा है और जल्द ही इस बारे में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। एजेंसियों ने बोर्ड से कहा है कि ऐसे मौके पर भारत बनाम पाकिस्तान जैसे हाई-प्रोफाइल मैच से बचना चाहिए। इस मैच के लिए हजारों प्रशंसक अहमदाबाद पहुंचने वाले हैं। यदि मैच का शेड्यूल बदला जाता है तो प्रशंसकों को काफी परेशानी हो सकती है। उन्होंने पहले ही यात्रा की योजनाओं को अंतिम रूप दे दिया है। अहमदाबाद के करीब-करीब सारे होटल उस मैच के लिए बुक हो चुके हैं। यहां तक कि फैंस ने हॉस्पिटल में भी बेड के लिए संपर्क किया है।
टिकट की बिक्री को लेकर कोई अपडेट नहीं
अगर शेड्यूल में बदलाव होता है तो बड़े पैमाने पर होटल बुकिंग रद्द होने की संभावना है। दिलचस्प बात यह है कि टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच भी यहीं इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच पांच अक्तूबर को होना है। टूर्नामेंट में दो महीने से ज्यादा का समय बचा है, लेकिन अभी तक टिकट की बिक्री पर कोई अपडेट नहीं है। इससे प्रशंसकों की निराशा बढ़ गई है। ऐसा माना जा रहा है कि बीसीसीआई भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अंतिम फैसला लेने के बाद टिकट की बिक्री को शुरू कर देगा।
जय शाह ने बुलाई बैठक
बीसीसीआई ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए विश्व कप मैचों की मेजबानी करने वाले राज्य संघों को शुक्रवार को नई दिल्ली में बैठक के लिए बुलाया है। बोर्ड बैठक में भारत-पाकिस्तान मैच की संभावित तारीख में बदलाव पर भी चर्चा करेगा। राज्य इकाई के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, ''विश्व कप की तैयारियों का आकलन करने के लिए बैठक बुलाई गई है।'' बुधवार को बीसीसीआई सचिव जय शाह ने विश्व कप के लिए वर्किंग ग्रुप के गठन के लिए राज्य संघों को पत्र लिखा। शाह और बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी सहित बीसीसीआई के पांच पदाधिकारी, तिरुवनंतपुरम और गुवाहाटी में वार्म-अप सहित सभी स्थानों की तैयारियों की देखरेख करेंगे।
पदाधिकारी बुनियादी ढांचे और सब्सिडी समिति का भी हिस्सा होंगे जिसमें आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल, पूर्व बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी, पूर्व एपेक्स काउंसिल सदस्य प्रभतेज भाटिया और केएससीए सचिव ए शंकर शामिल होंगे। शाह ने पत्र में कहा, "हमें उम्मीद है कि ये उप-समितियां हमारे साझा लक्ष्यों और उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए लगन से काम करेंगी। साथ मिलकर हम आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 को शानदार सफलता दिला सकते हैं और भारतीय क्रिकेट में बुनियादी ढांचे और विकास के मानकों को और ऊपर उठा सकते हैं।" विश्व कप पांच अक्टूबर से 19 नवंबर तक 10 स्थानों पर होगा। इसमें दिल्ली, धर्मशाला, अहमदाबाद, हैदराबाद, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, लखनऊ, चेन्नई और कोलकाता शामिल हैं।