उन्होंने कहा, 'आपने 2018 में देखा कि मैंने नियमित रूप से टेस्ट क्रिकेट खेला। आत्मविश्वास का स्तर काफी ऊंचा था। मैं उसी गति से गेंदबाजी कर रहा हूं जैसे पहले किया करता था। उम्मीद करता हूं कि यह जारी रहेगा।'
शमी आस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की ऐतिहासिक टेस्ट श्रृंखला जीत के दौरान 16 विकेट के साथ जसप्रीत बुमराह और नाथन लियोन (दोनों 21 विकेट) के बाद सबसे सफल गेंदबाज रहे जिससे आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वन-डे सीरीज से पहले उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ था।
उन्होंने कहा, 'मुझे टेस्ट क्रिकेट अन्य प्रारूपों से अधिक पसंद है। पिछली तीन-चार सीरीज में हमने जिस तरह का प्रदर्शन किया है (गेंदबाजी इकाई के रूप में), इससे हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है। अगर गेंदबाजी इकाई नतीजे दे रही है तो दबाव बंट जाता है और आपको अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में मदद मिलती है।'
शमी भले ही शानदार फार्म में हों लेकिन विश्व कप टीम में जगह बनाने को लेकर चिंतित नहीं हैं। विश्व कप का आयोजन इंग्लैंड में 30 मई से होना है। उन्होंने कहा, 'मैं काफी आगे के बारे में नहीं सोच रहा। यह जब टीम चुनी जाएगी तब मेरी फिटनेस और प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। जैसा मैंने कहा, हमारे पास सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी इकाई है। वे किसी को भी चुन सकते हैं।'
बुधवार को मैन आफ द मैच प्रदर्शन के बारे में पूछने पर शमी ने कहा, 'यह बड़े स्कोर वाली पिच थी। आपकी लाइन और लैंथ सटीक होनी चाहिए। आपको बेहद अनुशासन के साथ गेंदबाजी करनी होगी विशेषकर न्यूजीलैंड के छोटे मैदानों को देखते हुए।' इनपुट-भाषा