भारत में पांच अक्तूबर से होने वाले विश्व कप के टिकटों की बिक्री जारी है। बीसीसीआई द्वारा तय किए गए नियमों के तहत अलग-अलग तारीखों पर अलग-अलग मैचों के टिकट मिल रहे हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच 14 अक्तूबर को होने वाले मैच को लेकर दर्शकों में सबसे ज्यादा उत्साह है। इस मैच के टिकट कुछ ही देर में बिक गए। हालांकि, यह सिर्फ पहला राउंड है और दर्शकों को दूसरे राउंड में टिकट खरीदने का मौका मिलेगा। टिकट खरीदने के लिए फैंस का अनुभव कुछ अच्छा नहीं रहा। लगातार वेबसाइट क्रैश होने से वह काफी परेशान हुए।
वनडे विश्व कप के लिए टिकटों की बिक्री शुक्रवार (25 अगस्त) को शुरू हुई थी। पहले दिन शुरुआती कुछ घंटे क्रिकेट फैंस के लिए अच्छे नहीं रहे थे। विश्व कप टिकट के लिए तय की आधिकारिक वेबसाइट शुरू होते ही ठप हो गई। वेबसाइट के 35 से 40 मिनट तक काम नहीं करने के कारण खेल प्रेमियों को टिकट बुक करने में काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी। यह स्थिति अब तक कायम है।
फैंस ने सोशल मीडिया पर जाहिर की नाराजगी
वेबसाइट के लगातार क्रैश होने से फैंस परेशान हो रहे हैं। भारत-पाकिस्तान मैच के टिकट खरीदने में भी दर्शकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया। टिकट बुक करने में परेशानी होने के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया। क्रिकेट फैंस ने आईसीसी, बीसीसीआई को टैग करके ट्वीट किए और टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जाहिर की।
चंद मिनटों में बिके भारत-पाकिस्तान मैच के टिकट
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले के लिए अब तीन सिंतबर को दूसरे राउंड की बुकिंग होगी। इस दौरान फैंस के पास बचे हुए टिकट खरीदने का मौका रहेगा। इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है कि भारत के मुकाबलों के लिए कितने टिकट ऑनलाइन ब्रिकी के लिए रखे गए थे। मंगलवार (29 अगस्त) को भारतीय समयानुसार शाम छह बजे जब भारत-पाकिस्तान मैच के लिए टिकट की बिक्री शुरू हुई तो एक घंटे के अंदर ही सारे टिकट बिक गए।
एक फैन को दो टिकट खरीदने की थी छूट
समाचार एजेंसी पीटीआई ने बीसीसीआई के सूत्रों के हवाले से लिखा, ''मंगलवार को सिर्फ उन दर्शकों को टिकट मिले, जिनके पास मास्टरकार्ड है। एक प्रशंसक केवल दो टिकट खरीद ही सकता था। बिक्री शुरू होने के एक घंटे के अंदर सभी टिकट बिक गए। टिकटों की बिक्री का अगला दौर तीन सितंबर को होने की संभावना है।''