स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर और मिताली राज
- फोटो : IPL/BCCI
महिला इंडियन प्रीमियर लीग का इंतजार जल्द ही खत्म होने की संभावना है। लंबे समय से इस बात की चर्चा है कि महिला आईपीएल की शुरुआत कब होगी। बीसीसीआई ने पिछली बार बैठक में इसे लेकर योजना बनाई थी। तब इस बात को लेकर चर्चा हुई थी कि टूर्नामेंट का फॉर्मेट क्या होगा और इसे कैसे आयोजित किया जाएगा। बीसीसीआई के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि अगले साल से महिला आईपीएल का आयोजन होगा।
सूत्र ने कहा, "अगले साल से महिला आईपीएल होगा। हम पहले से ही इस योजना पर काम कर रहे हैं कि हमारे पास कितनी टीमें हो सकती हैं और कौन सी विंडो उपयुक्त होगी क्योंकि हमारे पास पुरुष आईपीएल भी है। अभी ज्यादा जानकारी शेयर नहीं कर सकते हैं, लेकिन हम इस लीग के आयोजन को लेकर उत्साहित हैं।"
सूत्र ने आगे कहा, "कुछ फ्रेंचाइजी ने पहले ही रुचि दिखाई है और इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्सुक हैं। हम छह टीमों के साथ टूर्नामेंट को शुरू कर सकते हैं। नीलामी प्रक्रिया और टूर्नामेंट के अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की योजना बना रहे हैं।" महिला आईपीएल को लेकर लंबे समय से बहस चल रही है। ऑस्ट्रेलिया में महिला बिग बैश के आयोजन के बाद बीसीसीआई पर महिला आईपीएल को लेकर दबाव बढ़ गया था। बोर्ड पिछले एक दो सीजन से इस पर काम कर रहा है, लेकिन कोरोना महामारी के कारण देरी हुई।
उन्होंने कहा, "अभी तक सब कुछ सिर्फ कागज पर है। सब कुछ सुव्यवस्थित करने में समय लगेगा। ऐसे कई पहलू हैं जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता है। हम अगस्त में महिला आईपीएल शुरू कर सकते हैं, लेकिन फिर से यह पूरी तरह से अस्थायी है। हम सबकुछ फाइनल होने के बाद एक आधिकारिक घोषणा करेंगे। इस मामले पर आधिकारिक रूप से मुहर लगाने के लिए एजीएम में भी चर्चा की जाएगी।"