भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में सस्ते में आउट हुए। टेस्ट मैच के बीच ही आज से दो दिन तक सऊदी अरब के शहर जेद्दा में आईपीएल 2025 के लिए मेगा नीलामी का आयोजन होना है। इस नीलामी में पंत पर भी बोली लगेगी क्योंकि उनकी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें रिटेन नहीं किया है।
नीलामी में पंत पर होगी निगाहें
आईपीएल नीलामी में पंत के महंगे दाम पर बिकने की उम्मीद जताई जा रही है। पंत का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये है और वह मार्की खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। मालूम हो कि मार्की खिलाड़ियों की बोली सबसे पहले लगती है। पंत को अपनी टीम में शामिल कराने के लिए कई फ्रेंचाइजी जोर लगा सकती हैं। आईपीएल की 10 टीमों के पास 641.5 करोड़ रुपये का पर्स है और 204 संभावित चयन होने बाकी है। ऐसे में सभी की नजरें पंत के नाम पर लगी होंगी।
लियोन ने पंत को बनाया शिकार
पंत पर्थ टेस्ट के तीसरे दिन लंच के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने दूसरी पारी में भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। इनके बाद पंत से भी बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन पंत बड़े शॉट के चक्कर में स्टंप आउट हो गए। नाथन लियोन की गेंद पर पंत आगे बढ़कर शॉट खेलने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन गेंद उनसे मिस हुई और विकेटकीपर कैरी ने स्टंप कर दिया। पंत एक रन बना सके।
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले टेस्ट मैच का हाल
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की बात करें तो तीसरे दिन भारत ने अब तक पांच विकेट पर 390 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 56 रन और वॉशिंगटन सुंदर 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 54 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत ने आज बिना विकेट के 172 रन से आगे खेलना शुरू किया था। टीम इंडिया को पहला झटका केएल राहुल के रूप में लगा। वह 77 रन बनाकर आउट हुए थे। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ 201 रन की साझेदारी की। वहीं, यशस्वी ने टेस्ट करियर का चौथा शतक लगाया। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने यशस्वी के साथ 74 रन की साझेदारी निभाई। पडिक्कल ने 25 रन बनाए।
यशस्वी 161 रन बनाकर आउट हुए। 313 पर भारत ने एक वक्त दो विकेट गंवाए थे। 321 तक आते-आते टीम इंडिया ने पांच विकेट गंवा दिए थे। यशस्वी के बाद ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल एक-एक रन बनाकर आउट हुए थे। भारत की बढ़त 436 रन की हो गई है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 150 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 104 रन पर सिमट गई थी। पहली पारी के आधार पर भारत को दूसरी पारी में 46 रन की बढ़त हासिल हुई थी।
आईपीएल में कैसा रहा है पंत का रिकॉर्ड
पंत तीनों ही प्रारूप के बड़े खिलाड़ी हैं और उनके पास लंबे समय तक कप्तानी करने का अनुभव भी है। पंत ने 2016 से अब तक 111 आईपीएल मुकाबले खेले हैं और वह आठ बार प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीत चुके हैं। पंत विकेट के पीछे भी अहम साबित होते हैं। दिल्ली के पास हालांकि, पंत के लिए राइट टू मैच (आरटीएम) कार्ड का इस्तेमाल करने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। दिल्ली इस नीलामी में 73 करोड़ रुपये के पर्स के साथ उतरेगी। इस बात की संभावना कम ही लगती है कि दिल्ली पंत के लिए आरटीएम का इस्तेमाल करे क्योंकि टीम से अलग होते वक्त पंत और दिल्ली फ्रेंचाइजी के रिश्तों में दरार आ गई थी।
पंत पार करेंगे 25 करोड़ रुपये का आंकड़ा?
इस बार आईपीएल में यह भी देखना दिलचस्प होगा कि कोई खिलाड़ी पिछले रिकॉर्ड तोड़कर आईपीएल नीलामी में सबसे ज्यादा दाम पर बिकने वाला खिलाड़ी बनता है या नहीं। इस लिस्ट में पंत का नाम भी है क्योंकि विकेट के पीछे उनकी क्षमता, दमदार बल्लेबाजी और कप्तानी का कौशल उन्हें अलग स्तर का खिलाड़ी बनाता है। इन सब चीजों के बीच एक सवाल जो सभी के मन में है कि क्या पंत नीलामी में 25 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करेंगे? आईपीएल इतिहास में अब तक किसी खिलाड़ी के लिए इतनी बड़ी बोली नहीं लगी है।