फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

T20 WC: 10 साल बाद सेमीफाइनल में पहुंचा द. अफ्रीका, लगातार सात मैच जीतकर बनाया विश्व रिकॉर्ड, वेस्टइंडीज बाहर

Mon, 24 Jun 2024 11:03 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एंटीगुआ

सार

WI vs SA Highlights T20 WC 2024 : इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। सुपर-8 के ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दो टीमें तय हो गईं। दक्षिण अफ्रीका ने शीर्ष पर रहते हुए क्वालिफाई किया, जबकि इंग्लैंड की टीम दूसरे स्थान पर रही।
विज्ञापन
टी20 विश्व कप 2024 - फोटो : ICC
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेजबान वेस्टइंडीज टी20 विश्व कप से बाहर हो चुका है। सुपर-8 के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने उन्हें डकवर्थ लुईस नियम के तहत तीन विकेट से हरा दिया। वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 135 रन बनाए थे। इसके बाद जब दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो ओवर के बाद दो विकेट पर 15 रन था, तो बारिश ने खलल डाला। जब मैच शुरू हुआ तो तीन ओवर्स घटाए गए। दक्षिण अफ्रीका को 17 ओवर में 123 रन का लक्ष्य मिला। यानी बाकी बचे 15 ओवर में उन्हें 108 रन बनाने थे। छोटी-छोटी साझेदारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने यह स्कोर हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका ने 16.1 ओवर में सात विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मार्को यानसेन ने 14 गेंद में 21 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने 29 रन और हेनरिक क्लासेन ने 22 रन की पारी खेली। 
विज्ञापन


इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। सुपर-8 के ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दो टीमें तय हो गईं। दक्षिण अफ्रीका ने शीर्ष पर रहते हुए क्वालिफाई किया, जबकि इंग्लैंड की टीम दूसरे स्थान पर रही। सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका का सामना सुपर-8 के ग्रुप-1 में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी, जबकि इंग्लैंड की टीम ग्रुप-1 में शीर्ष पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी। 27 जून को सेमीफाइनल के दोनों मुकाबले खेले जाएंगे। 

दक्षिण अफ्रीका की टीम - फोटो : ICC
दक्षिण अफ्रीका ने बना दिया रिकॉर्ड
दक्षिण अफ्रीका की टीम 2014 टी20 विश्व कप के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची है। वेस्टइंडीज के बाहर होते ही यह भी तय हो गया कि अब तक के टी20 विश्व कप के नौ संस्करणों में मेजबान देश ने कभी खिताब नहीं जीता है। दक्षिण अफ्रीका की टीम अब तक टी20 विश्व कप में एक भी मैच नहीं हारी है। उसने सात में से सात मैच जीते हैं, जो कि किसी एक संस्करण में किसी टीम द्वारा लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड है। इससे पहले 2009 टी20 विश्व कप में श्रीलंका ने, 2010 और 2021 टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने लगातार छह-छह मैच जीते थे। दक्षिण अफ्रीका का यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का भी रिकॉर्ड है। उन्होंने इससे पहले 2009 और 2021 में भी टी20 अंतरराष्ट्रीय में लगातार सात-सात मैच जीते थे।

टी20 विश्व कप के एक संस्करण में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम
टीम लगातार
मैच जीते
साल
दक्षिण अफ्रीका 7* 2024
श्रीलंका 6 2009
ऑस्ट्रेलिया 6 2010
ऑस्ट्रेलिया 6 2021

रोस्टन चेज - फोटो : Windies Cricket twitter
वेस्टइंडीज की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 135 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही थी। शाई होप (0) और निकोलस पूरन (1) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद काइल मेयर्स ने रोस्टन चेज के साथ 81 रन की साझेदारी निभाई।

तबरेज शम्सी ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने मेयर्स को आउट किया। मेयर्स ने 35 रन बनाए। इस बीच चेज ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक 39 गेंद में जड़ा। मेयर्स के आउट होते ही फिर से वेस्टइंडीज की पारी ढह गई। कप्तान रोवमन पॉवेल एक रन, शेरफेन रदरफोर्ड खाता खोले बिना और चेज 42 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए।

आंद्रे रसेल ने दो छक्के लगाकर जरूर पारी संभालने की कोशिश की। हालांकि, नॉर्त्जे ने उन्हें रन आउट कर झटका दिया। रसेल ने नौ गेंद में 15 रन बनाए। अकील हुसैन छह रन बनाकर आउट हुए। अल्जारी जोसेफ 11 रन और गुडाकेश मोती चार रन बनाकर नाबाद रहे। तबरेज शम्सी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, मार्को यानसेन, मार्करम, केशव महाराज और रबाडा को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन

दक्षिण अफ्रीका की टीम - फोटो : Proteas Men twitter
दक्षिण अफ्रीका की पारी
136 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम को आंद्रे रसेल ने दूसरे ओवर में दो झटके दिए। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर रीजा हेंड्रिक्स (0) को विकेटकीपर पूरन के हाथों कैच कराया। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर रसेल ने डिकॉक को रदरफोर्ड के हाथों कैच कराया। डिकॉक ने 12 रन बनाए। रसेल का ओवर खत्म होते ही बारिश शुरू हो गई और मैच को रोकना पड़ा।

बारिश की वजह से डकवर्थ लुईस नियम के तहत तीन ओवर्स घटाए गए। दक्षिण अफ्रीका के सामने 17 ओवर में 123 रन का नया लक्ष्य था। हालांकि, टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। कप्तान एडेन मार्करम ने 18 रन, ट्रिस्टन स्टब्स ने 29 रन और हेनरिक क्लासेन ने 22 रन बनाकर रन चेज में मदद की। दक्षिण अफ्रीका ने 100 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। उन्हें आखिरी 24 गेंद में 23 रन की जरूरत थी।

डेविड मिलर (4), स्टब्स और केशव महाराज (2) को आउट कर रोस्टन चेज ने वेस्टइंडीज की वापसी में मदद की। आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए पांच रन की जरूरत थी। यानसेन ने ओबेड मैकॉय की गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। वेस्टइंडीज की ओर से रोस्टन चेज ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, अल्जारी जोसेफ और आंद्रे रसेल को दो-दो विकेट मिले।

टी20 विश्व कप के एक मैच में 50+ रन और 3+ विकेट लेने वाले खिलाड़ी
खिलाड़ी रन बनाए बॉलिंग
स्पेल
खिलाफ साल
ड्वेन ब्रावो 66* 4/38 भारत 2009
शेन वॉटसन 51 3/26 आयरलैंड 2012
शेन वॉटसन 72 3/34 भारत 2012
मार्कस स्टोइनिस 67* 3/19 ओमान 2024
रोस्टन चेज 52 3/12 दक्षिण अफ्रीका 2024

टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी
खिलाड़ी विकेट साल
अल्जारी जोसेफ 13 2024
सैमुअल बद्री 11 2014
आंद्रे रसेल 11 2024
ड्वेन ब्रावो 10 2009
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें