इन दिनों ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज दौरे पर हैं। 16 जुलाई को दोनों टीमों के बीच पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला सेंट लूसिया में खेला गया। इस अंतिम मुकाबले में वेस्टइंडीज ने कंगरुओं को 16 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने ऑस्ट्रेलिया को टी-20 सीरीज में 4-1 से हराने में सफल रही। वहीं पांचवें मैच में दोनों टीमों की ओर से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। लेकिन बाद में बाजी कैरेबियाई टीम ने मारी। इस दौरान फाबियन एलन एक करिश्माई कैच लपककर सुर्खियों में छा गए। कैरेबियन टीम ने पहले खेलते हुए 8 विकेट पर 199 रन बनाए थे।
यह ऑस्ट्रेलिया की पारी का 10वां ओवर था जिसे हेडन वाल्श फेंक रहे थे। उनके सामने थे कंगारू कप्तान अरोन फिंच। ओवर की दूसरी गेंद को फिंच ने लॉन्ग ऑन की तरफ हवा में खेला। उस समय वहां फाबियन एलन फील्डिंग कर रहे थे। हवा में गेंद को देख एलन ने उसकी तरफ दौड़े और एक हाथ से हैरतअंगेज कैच लपक लिया। उनके द्वारा कैच पकड़ने के बाद फाबियन एलन का रिएक्शन देखने लायक था। फिंच 34 रन बनाकर आउट हुए।
इस दौरान वेस्टइंडीज द्वारा दिए गए 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कंगारू टीम की शुरुआत ठीक नहीं रही और उसका पहला विकेट 12 रनों पर गिर गया। मिशेल मार्श ने एक बार फिर अच्छी पारी खेली लेकिन टीम को जिताने में नाकाम रहे। मध्यक्रम में अगर नजर डाली जाए तो मोइसेस हेनरिक्स 21, एलेक्स कैरी 9, मैथ्यू वेड 26, एंड्रयू टॉय 15 रन बना पाए। इस तरह कंगारू टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 183 रन बना पाई। वेस्टइंडीज की टीम पांचवें और अंतिम मैच में ऑस्ट्रेलिया को 16 रनों से हराने में सफल रही।