भारत और इंग्लैंड के बीच मौजूदा घरेलू सीरीज में सुरेश रैना, कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और आलराउंडर रवींद्र जडेजा एकदिवसीय मैचों की सीरीज में अपने शानदार प्रदर्शन से 'मैन आफ द सीरीज' के प्रबल दावेदार के रूप में उभर कर सामने आए हैं। भारत पांच मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त के साथ सीरीज पर अपना कब्जा कर चुका है।
इस सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच धर्मशाला में रविवार को खेला जाना है। लेकिन अब तक के चार मैचों में रैना, धोनी और जडेजा मैन आफ द सीरीज की होड़ में सबसे आगे दिखाई दे रहे हैं।
चौथे वनडे में रैना मैन ऑफ द मैच
मध्यक्रम के बल्लेबाज रैना ने चार मैचों में 97.00 के औसत और 94.17 के स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 194 रन बनाए हैं। रैना मोहाली में भारत को सीरीज जिताने वाली जीत में नाबाद 89 रनों के साथ मैन आफ द मैच रहे थे। वह अब तक तीन अर्द्धशतक भी बना चुके हैं।
कप्तान धोनी का बल्ले और विकेटकीपिंग के साथ-साथ कप्तानी में भी शानदार प्रदर्शन रहा है। राजकोट में पहला मैच हारने के बाद धोनी ने टीम में ऐसा जज्बा भरा कि वह कोच्चि, रांची और मोहाली में अगले तीन मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा ही कर बैठी। भारतीय कप्तान ने चार मैचों में 107.25 के स्ट्राइक रेट से 133 रन बनाने के अलावा विकेट के पीछे छह कैच भी लपके हैं।
मोहाली में मैन ऑफ द मैच बने जडेजा
आलराउंडर जडेजा ने तो गेंद और बल्ले से लाजवाब प्रदर्शन किया है। जडेजा ने चार मैचों में 121.91 के स्ट्राइक रेट से 89 रन बनाए हैं और साथ ही वह 14.50 के औसत से आठ विकेट भी ले चुके हैं। जडेजा ने मध्य ओवरों में विकेट झटकने के साथ साथ महत्वपूर्ण मौकों पर टीम के लिए जरूरी रन भी जुटाए हैं।
जडेजा ने कोच्चि में दूसरे वनडे में सात ओवर में मात्र 12 रन पर दो विकेट लेने के अलावा नाबाद 61 रन बनाए थे और मैन आफ द मैच बने थे। जडेजा ने रांची में 6.2 ओवर में 19 रन पर तीन विकेट लिए थे जबकि मोहाली में उन्होंने 39 रन पर तीन विकेट लेने के अलावा नाबाद 21 रन भी बनाए थे।
कोहली रांची में बने मैन ऑफ द मैच
शीर्ष क्रम के बल्लेबाज विराट कोहली चार मैचों में 155 रन बना चुके हैं। वह रांची में नाबाद 77 रनों की बदौलत मैन आफ द मैच रहे थे। वह भी इस पुरस्कार के दावेदारों में शामिल हो सकते हैं। इंग्लैंड के कप्तान एलेस्टेयर कुक ने चार मैचों में 185 रन, केविन पीटरसन ने चार मैचों में 179 रन और स्पिनर जेम्स ट्रेडवेल ने चार मैचों में नौ विकेट लेकर अपनी टीम की ओर से अच्छा प्रदर्शन किया है।