वेस्टइंडीज बनाम न्यूजीलैंड प्लेइंग 11
- फोटो : अमर उजाला
पहले मैच में हार का सामना करने वाली न्यूजीलैंड की टीम का मुकाबला गुरुवार को सह-मेजबान वेस्टइंडीज से होगा। न्यूजीलैंड के लिए यह करो या मरो का मुकाबला है और इसमें एक भी गलती केन विलियमसन की टीम के लिए भारी पड़ सकती है। न्यूजीलैंड को अगर टी20 विश्व कप में अपनी उम्मीदें जीवंत रखनी हैं तो उसे मेजबान वेस्टइंडीज के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करके हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। दूसरी तरफ वेस्टइंडीज अगर ये मुकाबला जीतने में सफल रही तो टीम सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई कर लेगी।
अफगानिस्तान के खिलाफ निराशाजनक रही थी कीवी टीम की बल्लेबाजी
अफगानिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज नहीं चल पाए थे और उसकी पूरी टीम 15.2 ओवर में 75 रन पर आउट हो गई थी जिससे उसे 84 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इससे उसका नेट रन रेट भी गड़बड़ा गया और वह ग्रुप सी में सबसे निचले स्थान पर है। न्यूजीलैंड का विश्व कप में प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है। वह पिछले तीन वनडे विश्व कप और तीन टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है लेकिन इस बार उसके लिए चुनौती आसान नहीं है। अफगानिस्तान के खिलाफ उसके केवल दो बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंच पाए थे। केन विलियमसन की अगुआई वाली टीम को अब उस प्रदर्शन को भूलकर वेस्टइंडीज के खिलाफ अच्छा खेल दिखाना होगा।
फील्डिंग में भी करना होगा सुधार
पिछले मैच में न्यूजीलैंड को केवल बल्लेबाजी में ही नहीं फील्डिंग में भी निराशा हाथ लगी। उसने आसान कैच टपकाए और स्टंप आउट करने के मौके गंवाए। अफगानिस्तान ने इसका फायदा उठाकर मजबूत स्कोर खड़ा किया। वेस्टइंडीज के साथ ऐसी कोई दिक्कत नहीं है और लगातार तीसरी जीत से वह सुपर आठ में अपनी जगह पक्की कर लेगा। पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ वेस्टइंडीज को आसान जीत नहीं मिली लेकिन पिछले मैच में युगांडा को उसने 39 रन पर आउट करके 134 रन की बड़ी जीत दर्ज की थी।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
वेस्टइंडीजः ब्रेंडन किंग, जॉनसन चार्ल्स, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोवमैन पोवेल (कप्तान), शेरफाने रदरफोर्ड, आंद्रे रसेल, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, अकील हुसैन, अल्जारी जोसफ, गुडाकेश मोटी
न्यूजीलैंडः फिन एलेन, डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), केन विलियमसन (कप्तान), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमैन, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट