'वॉयस ऑफ क्रिकेट' कहे जाने वाले कमेंटेटर हर्षा भोगले ने गुरुवार को बताया कि उन्हें डेंगू बुखार है। भोगले ने खुलासा किया कि वह शनिवार को अहमदाबाद में चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच विश्व कप 2023 के मुकाबले के लिए कमेंट्री बॉक्स में नहीं होंगे।
भोगले ने इसकी पुष्टि करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपने आधिकारिक हैंडल का सहारा लिया। इस 62 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए चेन्नई में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच की दूसरी पारी से काम से हटने के बाद अतिरिक्त कार्यभार संभालने के लिए अपने सह-कमेंटेटरों और प्रसारण टीम को भी धन्यवाद दिया।
कमेंट्री पर वापस लौटने को लेकर भोगले ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह पुणे में 19 अक्तूबर को बांग्लादेश के खिलाफ भारत के मैच के लिए कमेंट्री ड्यूटी पर लौट आएंगे। उन्होंने कहा, 'मैं निराश हूं कि मुझे 14 तारीख को भारत-पाकिस्तान मैच से बाहर रहना पड़ेगा, लेकिन मुझे डेंगू है और इसके परिणामस्वरूप कमजोरी और प्रतिरोधक क्षमता में कमी से काम करने में दिक्कत होगी।
हर्षा ने लिखा- मुझे उम्मीद है कि मैं 19 तारीख को मैच के लिए कमेंट्री बॉक्स में वापस आ जाऊंगा। मेरे सहयोगी और प्रसारण दल बहुत मददगार रहे हैं और भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच के बीच में मेरे काम से हट जाने के बाद उन्होंने मेरा भी काम संभासा। मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद कहने के लिए उत्सुक हूं।
भारत ने अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराने के बाद बुधवार को अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराकर अपना सफर जारी रखा। इन दो जीत से टीम इंडिया को आत्मविश्वास मिला है और पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को एक दबाव मैच में हराने से बेहतर महसूस कर रही होगी। वहीं, दूसरी तरफ पाकिस्तान ने भी अपने दोनों मैच जीते हैं। पहले मैच में उसने नीदरलैंड और दूसरे मैच में श्रीलंका को हराया था।