इन दिनों ऑस्ट्रेलिेया में वुमेन बिग बैश लीग खेली जा रही है। जिसका चौथा मैच आज सिडनी सिक्सर्स और होबार्ट हरिकेन के बीच खेला गया। इस मुकाबले में सिडनी ने होबार्ट को पांच विकेट से शिकस्त दी। सिडनी सिक्सर्स को मैच जिताने में भारत की स्टार महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा और राधा यादव ने खास भूमिका निभाई। शेफाली ने मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया जबकि, राधा यादव ने दो बैटरों को पवेलियन कि राह दिखाई।
होबार्ट हरिकेन्स ने बनाए 125 रन
बेलराइव ओवल होबार्ट में खेले गए मैच में हरिकेन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 125 रन बनाए। होबार्ट हरिकेन्स की तरफ से रिचा घोष ने 46 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस इनिंग्स के दौरान एक चौका समेत तीन छक्के लगाए। उनके अलावा साहा मोनी 22 रन बनाकर आउट हुईं। इन दोनों के अलावा हरिकेन्स की कोई भी बैटर बड़ी पारी नहीं खेल पाईं। इस तरह टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाए जिनमें 15 रन अतिरिक्त थे। सिक्सर्स की तरफ से निकोल बोल्टन, एलियस पैरी, मैटलन ब्राउन और राधा यादव ने 2-2 विकेट लिेए।
शेफाली ने जड़ा अर्धशतक
126 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिडनी सिक्सर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहला विकेट 7 रनों पर गिर गया। एलिसा हीली तीन बनाकर आउट हुईं। इसे बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं एश्ले गार्डनर भी तीन बनाकर पवेलियन लौट गईं। लेकिन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं एलियस पैरी ने शेफाली का बेहतरीन साथ दिया। इस दौरान शेफाली ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों पर 57 रनों की पारी खेली। सिडनी सिक्सर्स की महिला टीम ने 126 रनों का टारगेट तीन गेंद शेष रहते पूरा कर लिया। मैच जिताऊ पारी खेलने वाली शेफाली को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।