आज टीम इंडिया के ओपनर बल्लेबाज मयंक अग्रवाल खूब चर्चा में हैं जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दूसरे टेस्ट मैच में शतक ठोंककर वीरेंद्र सहवाग की बराबरी कर ली। लेकिन मयंक अग्रवाल के साथ आज वीरेंद्र सहवाग भी खूब चर्चा में हैं, क्योंकि उन्होंने आज एक अलग पिच पर शानदार बल्लेबाजी की। उनकी इस बल्लेबाजी के लिए खूब तारीफ भी हो रही है।
दरअसल, वीरेंद्र सहवाग ने आज दिल्ली सरकार के डेंगू के खिलाफ अभियान में अपना साथ दिया। एक वीडियो जारी कर वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि, वे दिल्ली सरकार के डेंगू के खिलाफ अभियान को अपना समर्थन देते हैं क्योंकि राजधानी के लोगों को बीमारी से मुक्त रखने के लिए डेंगू पर वार बहुत जरुरी है।
उन्होंने अपील किया कि सभी लोग एक चैंपियन की तरह अपने दस दोस्तों को फोन कर अपने घर और आसपास डेंगू के लार्वा पलने वाली जगहों की सफाई करें जिससे डेंगू का लार्वा न पनप सके। इससे दिल्ली के लोगों को डेंगू के हमले से बचाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने '10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट' अभियान चला रखा है। इसमें वे लोगों से डेंगू के खिलाफ सफाई अभियान में शामिल होकर डेंगू को हराने की अपील कर रहे हैं। इसके पहले कपिल देव, इमरान हाशमी और राहुल देव जैसी हस्तियां भी इस अभियान के समर्थन में आ चुकी हैं। इस वर्ष दिल्ली में डेंगू के बहुत कम मामले सामने आए हैं।