युजवेंद्र चहल और वीरेंद्र सहवाग
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के युजवेंद्र चहल ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 10 मैचों में नौ विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 7.57 का रहा है। ऐसे में टी-20 विश्व कप के लिए उन्हें भारतीय टीम में शामिल नहीं किए जाने पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने चयनकर्ताओं पर सवाल उठाए हैं।
मुंबई के खिलाफ चहल का शानदार प्रदर्शन
दरअसल चहल पहले फेज में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके थे। इसके बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज करते हुए विश्व कप टीम में नहीं चुना। हालांकि, दूसरे फेज में चहल ने शानदाप वापसी की और रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ तीन विकेट झटके थे। इस दौरान उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 11 रन भी दिए। चहल ने क्विंटन डिकॉक, ईशान किशन और जसप्रीत बुमराह को आउट किया था। इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 54 रन से जीत दर्ज की थी।
विश्व कप टीम से क्यों बाहर किया गया?
सहवाग ने कहा- चहल पहले भी अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे। मुझे समझ नहीं आ रहा है कि उन्हें विश्व कप के लिए टीम से क्यों बाहर किया गया? चयनकर्ताओं को उनको टीम में शामिल नहीं किए जाने की वजह को बताना चाहिए। ऐसा नहीं है कि राहुल चाहर ने श्रीलंका दौरे पर खराब गेंदबाजी की है, लेकिन चहल का होना टीम के लिए अहम है। वह एक चतुर गेंदबाज हैं और जानते हैं विकेट कैसे निकालना है।
वरुण, चाहर और अश्विन को मिला मौका
चेतन शर्मा के नेतृत्व में चयन समिति ने विश्व कप टीम में मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती, राहुल चाहर और आर अश्विन को शामिल किया था। अश्विन 2017 के बाद पहली बार सीमित ओवर टीम में चुने गए। वहीं, चहल और कुलदीप को बाहर का रास्ता दिखाया गया।
चहल आईपीएल की खोज रहे हैं
चहल इस सीजन में रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरू की ओर से खेलते हुए 10 मैचों में 27.77 की औसत से 9 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने लीग में अब तक कुल 109 मैच खेले हैं। इसमें 22.86 की औसत से 130 विकेट लिए हैं। इसके अलावा टीम इंडिया की ओर से 56 वनडे मैचों में 26.93 की औसत से 97 विकेट और 49 टी-20 में 25.30 की औसत से 63 विकेट लिए हैं।