निचले क्रम के बल्लेबाजों वाशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर ने विषम परिस्थितियों में शतकीय साझेदारी निभाकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन रविवार को यहां भारत को मुकाबले में बनाए रखा। ऑस्ट्रेलिया के 369 रन के जवाब में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की नाकामी के कारण बैकफुट पर खड़ा भारत आखिर में अपनी पहली पारी में 336 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा। नंबर सात और आठ में आकर 123 रन की रिकॉर्ड साझेदारी करने वाली इस जोड़ी की पूरी दुनिया दीवानी हो गई।
भारत का स्कोर एक समय छह विकेट पर 186 रन था और वह ऑस्ट्रेलिया से 183 रन पीछे था। ठाकुर (67) और सुंदर (62) ने यहीं से जिम्मेदारी संभाली। ठाकुर ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों के सामने किसी तरह से दबाव में नहीं दिखे। ठाकुर ने अपनी पारी में 115 गेंदें खेली तथा नौ चौके और दो छक्के लगाए। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भारत से दोनों बल्लेबाजों की तारीफ की और मराठी में मुंबई के बल्लेबाज शार्दुल ठाकुर की तारीफ करते हुए लिखा, 'तुझे दोबारा मान गया ठाकुर'
सुंदर ने शार्ट पिच गेंदों का अच्छी तरह सामना करके अपनी रक्षात्मक तकनीक से प्रभावित किया। ऑस्ट्रेलिया ने 80 ओवर पूरे होते ही नयी गेंद ली लेकिन इन दोनों पर उसका भी प्रभाव नहीं पड़ा। उन्होंने नई गेंद से 22 ओवर तक ऑस्ट्रेलिया को सफलता से दूर रखा।
भारत ने पहले सत्र में 99 और दूसरे सत्र में 92 रन जोड़े और इस बीच दो-दो विकेट गंवाए। तीसरे सत्र में पुछल्ले बल्लेबाजों ने आखिर तक संघर्ष जारी रखा। इस सत्र में भी भारत चार विकेट के एवज में 83 रन जोड़ने में सफल रहा। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जोश हेजलवुड ने 57 रन देकर पांच विकेट लिए।
भारत ने सुबह के सत्र में चेतेश्वर पुजारा (25) और कप्तान अजिंक्य रहाणे (37) तथा दूसरे सत्र में मयंक अग्रवाल (38) और ऋषभ पंत (23) के विकेट गंवाए। इन चारों बल्लेबाजों ने सकारात्मक शुरुआत की, लेकिन वे बड़ी पारी नहीं खेल पाए जिसकी भारत को सख्त जरूरत थी। यह साझेदारी तोड़ने के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपना पूरा दमखम लगाया और लगातार शार्ट पिच गेंदें की।
भारतीय टीम की तारीफ करते हुए इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ने ट्वीट कर कहा, भारत को पूरा श्रेय देना चाहिए। जिस तरह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने अबतक प्रदर्शन किया वह यह दर्शाता भारतीय टीम की बेंच स्ट्रेन्थ कितनी मजबूत है। इतनी चोटिल खिलाड़ियों के बावजूद भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है।'