भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व कप 2023 सेमीफाइनल मुकाबले में विराट कोहली ने वनडे करियर का 50वां शतक लगाया। उन्होंने महान सचिन तेंदुलकर के 49 वनडे शतक का रिकॉर्ड वानखेड़े में उन्हीं के सामने और उन्हीं के घरेलू मैदान पर तोड़ा। शतक लगाने के बाद विराट बेहद भावुक दिखे। उन्होंने अपने शतक को सचिन और पत्नी अनुष्का शर्मा को समर्पित किया। शतक लगाते ही विराट सचिन के आगे नतमस्तक हो गए। सचिन ने भी विराट के रिकॉर्ड तोड़ने पर खड़े होकर ताली बजाई। अब विराट की एक तस्वीर खूब वायरल हो रही है।
यह तस्वीर 2011 विश्व कप फाइनल जीतने के बाद की है। तब युवा विराट ने सचिन को अपने कंधों पर उठाकर घुमाया था। उस वक्त उन्होंने जो बयान दिया था उसे पूरा भी किया और सचिन तो नहीं बने, लेकिन उनके जैसा स्टारडम जरूर हासिल किया है। आज जब वानखेड़े में विराट ने शतक लगाया तो पूरा स्टेडियम 'सचिन....सचिन' नहीं, बल्कि 'कोहली....कोहली' चिल्ला रहा था। यह एतिहासिक पल देखने लायक था।
2011 विश्व कप में विराट 22 वर्ष के थे और उन्हें विश्व कप की टीम में शामिल किया गया था। वह प्लेइंग-11 का नियमित हिस्सा रहे और पूरा टूर्नामेंट खेले। तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह युवा खिलाड़ी इतना महान बन जाएगा। टीम इंडिया ने वानखेड़े में श्रीलंका को हराकर फाइनल जीता। सब जानते थे कि यह सचिन का आखिरी विश्व कप है। ऐसे में खिलाड़ियों ने सचिन को ट्रिब्यूट देने का सोचा। सचिन ने विक्ट्री लैप लिया और भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें अपने कंधे पर बैठाकर पूरा स्टेडियम घुमाया।
इनमें सबसे आगे विराट कोहली थे। जब उनसे बाद इस बारे में पूछा गया था तो विराट ने कहा था- सचिन तेंदुलकर ने 21 साल तक देश का बोझ उठाया है। अब समय आ गया है कि हम उसे अपने कंधों पर उठाकर घुमाएं। वैसे तो यह वाक्य बेहद साधारण सा है, लेकिन इसके अन्य मतलब को देखा जाए तो विराट ने कहा था कि वह सचिन के भार को उठाने के लिए तैयार हैं।
जैसा कि उन्होंने उस वक्त कहा तब विराट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ पांच शतक लगाए थे। इसके बाद विराट के करियर का ग्राफ बढ़ा और उनकी तुलना धीरे-धीरे सचिन तेंदुलकर से की जाने लगी। सचिन से एक बार किसी कार्यक्रम में पूछा गया था कि उन्हें क्या लगता है कि उनके शतकों का रिकॉर्ड कोई तोड़ पाएगा? इस पर विराट ने कहा था कि विराट कोहली और रोहित शर्मा ऐसा कर सकते हैं। आगे चलकर यही दोनों खिलाड़ी भारत के रिकॉर्ड होल्डर बने। सचिन ने जरूर वनडे का पहला दोहरा शतक लगाया, लेकिन रोहित ने फिर तीन दोहरे शतक जड़ दिए। 2019 से लेकर 2022 तक विराट के बल्ले की धार फीकी पड़ गई। तब लगा कि शायद उनके करियर आखिरी मोड़ पर पहुंच गया है। फैंस उन्हें टीम से बाहर करने की मांग करने लगे।
फिर 2022 उनके लिए खुशियां लेकर आया। विराट ने न सिर्फ फॉर्म में वापसी की, बल्कि शतकों के सूखे को भी खत्म किया। एशिया कप टी20 2022 में विराट ने अफगानिस्तान के खिलाफ शतक लगाया और उसके बाद से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसके बाद से तीनों फॉर्मेट में वह लगातार शतक पर शतक लगा रहे हैं। इसी विश्व कप में पांच नवंबर 2023 को विराट ने अपना 35वां जन्मदिन मनाया। यह जन्मदिन उनके लिए इसलिए भी खास बन गया क्योंकि उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 49वां शतक लगाया और सचिन के 49 वनडे शतक की बराबरी की। इस पारी के बाद भी विराट काफी भावुक हो गए थे। सचिन ने तब भी विराट को बधाई दी थी और कहा- शानदार खेले विराट। मुझे इस साल 49 से 50 (उम्र में) पहुंचने में 365 दिन लगे थे। मैं आशा करता हूं कि आप अगले कुछ दिनों में 49 से 50 (शतक) के आंकड़े तक पहुंचें और मेरा रिकॉर्ड तोड़ें। बधाई।
विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर
- फोटो : अमर उजाला
तब विराट ने सचिन की बराबरी करने की बात पर बहुत ही विनम्रता से जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि वह सचिन की बराबरी कभी नहीं कर सकते। 'मैं क्रिकेट खेलने का आनंद ले रहा हूं, यह मेरे लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है। मैं बस इस बात से खुश हूं कि भगवान ने मुझे वह आनंद दिया है। मैं बस इस बात से खुश हूं कि मैं वही कर पा रहा हूं जो मैंने वर्षों से किया है। अपने हीरो के रिकॉर्ड की बराबरी करना मेरे लिए बहुत खास है। जब बात बल्लेबाजी की आती है तो वह (सचिन) परफेक्ट हैं। यह मेरे लिए बहुत भावुक क्षण है। मैं उनके जितना अच्छा कभी नहीं बन पाऊंगा। उनके बल्ले से परफेक्शन निकलता था। वे हमेशा मेरे हीरो रहेंगे। मैं जानता हूं कि मैं कहां से आया हूं। मैं उन दिनों को जानता हूं जब मैंने उन्हें (सचिन) टीवी पर देखा है। उनसे इस तरह की तारीफ पाना ही मेरे लिए बहुत मायने रखता है।
डेविड बेकहम, विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर
- फोटो : अमर उजाला
विराट को उसके बाद महज एक पारी नीदरलैंड के खिलाफ खेली और फिर अपनी दूसरी ही पारी में सचिन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। विराट दुनिया के पहले बल्लेबाज बने जिन्होंने वनडे में शतकों का अर्धशतक लगाया। इतना ही नहीं वह किसी एक विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। इस मामले में उन्होंने सचिन का ही रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन ने 2003 विश्व कप में 673 रन बनाए थे, जबकि विराट के अब इस विश्व कप में 711 रन हो गए हैं। विराट से जब शतकों का अर्द्धशतक लगाने के विराट ने कहा है कि ये किसी सपने के सच होने की तरह है। उन्होंने कहा कि जिनसे वो सबसे ज्यादा प्यार करते हैं (अनुष्का शर्मा) और जो उनके हीरो (सचिन तेंदुलकर) हैं, उनके सामने ये उपलब्धि हासिल करना बहुत खास है।
विराट कोहली ने सचिन को पीछे छोड़ दिया है
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय पारी के बाद विराट ने कहा- महान सचिन तेंदुलकर ने मुझे अभी बधाई दी है। यह सपने के सच होने जैसा है। ये हमारे लिए बहुत बड़ा मैच था और मैंने अपनी भूमिका इस तरह निभाई कि बाकी बैट्समैन आ सकें और खेल सकें। विराट ने कहा- मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज है अपनी टीम की जीत। इस टूर्नामेंट में मुझे एक भूमिकी दी गई थी और मैं इसे बेहतर करने की कोशिश कर रहा हूं। लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बारे में पूछे जाने पर कोहली ने कहा कि वह सिर्फ हालात के मुताबिक खेल रहे हैं और टीम के लिए खेल रहे हैं। शतकों का अर्द्ध शतक लगाने पर विराट ने कहा- स्टेडियम में मेरे हीरो सचिन पा जी बैठे हैं, मेरी लाइफ पार्टनर अनुष्का बैठी हैं। वानखेड़े में इतने सारे दर्शक हैं।
विराट कोहली
- फोटो : अमर उजाला
सचिन तेंदुलकर ने उनका रिकॉर्ड टूटने के बाद विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। सचिन तेंदुलकर ने उस दौर को भी याद किया जब विराट कोहली पहली बार भारतीय ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बने थे। उन्होंने कहा- बाकी खिलाड़ियों ने उनके साथ प्रैंक (मजाक) किया और कहा कि आप इनके (सचिन तेंदुलकर के) पैर छुओ। इससे आपका करियर अच्छा होगा। इस पर मैं बहुत हंस रहा था। आज उनका करियर जिस मुकाम पर है उसे देखकर हम सभी को उन पर गर्व है। भारतीय पारी के बाद जब विराट स्टार स्पोर्ट्स से बात कर रहे थे तो सचिन और बेकहम ने मैदान पर आकर विराट को बधाई दी। इस दौरान विराट काफी भावुक दिखे। सचिन ने विराट को गले से भी लगाया। इसका वीडियो भी सामने आया है। सचिन ने कहा- मुझे इससे ज्यादा खुशी नहीं हो सकती कि एक भारतीय ने मेरा रिकॉर्ड तोड़ा और वो भी सबसे बड़े टूर्नामेंट वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में और मेरे घरेलू मैदान पर।