वर्ल्डकप में भारत अब तक पाकिस्तान से कोई मैच नहीं हारा है।
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय कप्तान विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले भारतीय टीम को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि निश्चित रूप से टीम इंडिया पाकिस्तान से कहीं बेहतर है, लेकिन इस बड़े मैच से पहले भारतीय खिलाड़ियों को अति-आत्मविश्वास से बचना होगा। भारतीय टीम इस मैच में पाकिस्तान को हल्के में लेने की भूल नहीं कर सकती। टी-20 वर्ल्डकप 2021 में रविवार को दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर-12 ग्रुप 2 का अहम मैच खेला जाएगा। इस मैच से पहले राजकुमार शर्मा ने कहा है कि पाकिस्तान ऐसी टीम है, जो किसी भी अच्छी टीम को चौंका सकती है। इसलिए भारत को इस मैच को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
राजकुमार शर्मा ने कहा "भारत और पाकिस्तान के बीच मैह हमेशा रोमांचक रहता है। भारत ने वर्ल्डकप में हमेशा पाकिस्तान को हराया है और मुझे लगता है कि रविवार को भी यही नतीजा सामने आएगा। अगर आप दोनों टीमों को देखें तो भारतीय टीम पाकिस्तान से कहीं बेहतर है। लेकिन भारत को अति-आत्मविश्वास से बचने की जरूरत है, क्योंकि पाकिस्तान ऐसी टीम है, जो किसी भी टीम को चौका सकती है।"