इंग्लैंड ने पुणे में नीदरलैंड को 160 रन से हराकर मौजूदा विश्व कप में लगातार पांच हार के क्रम को तोड़ा। इस जीत ने गत चैंपियन को शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप चरण के अपने अंतिम मैच से पहले अंक तालिका में सबसे नीचे से ऊपर उठने का मौका दिया। इसके अलावा इंग्लैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेलने की अपनी उम्मीदों को भी जिंदा रखा। इंग्लैंड-नीदरलैंड मैच के दौरान एक खास पल आया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
दरअसल, इंग्लैंड की बल्लेबाजी के दौरान 20वें ओवर के दौरान एक नीदरलैंड के प्रशंसक ने दिलचस्प सुझाव इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड को दिया। प्रशंसक को 'इंग्लैंड को भारतीय कोच की जरूरत है' लिखा हुआ प्लेकार्ड पकड़े देखा गया। उसे कैमरामैन ने देख लिया और फिर वह प्रंशसक टीवी पर आ गया। जब उसकी तस्वीर टीवी पर दिखाई गई तो कमेंट्री कर रहे इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कप्तान इयॉन मोर्गन ने भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने उनकी राय पूछी।
शास्त्री ने दिया मजेदार जवाब
शास्त्री ने मजेदार अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने मोर्गन से कहा, ''हां हमको बुलाओ, हम सबको हिंदी सिखाएगा। साथ में कुछ क्रिकेट भी सिखाएगा। मुझे कोई समस्या नहीं है।'' शास्त्री का जवाब सुनकर मोर्गन मुस्कुराने लगे। आईसीसी ने इस खास पल का वीडियो शेयर किया है। वीडियो को सोशल मीडिया पर लोग काफी पसंद करते हैं।
2017 से 2021 तक भारत के कोच थे रवि शास्त्री
शास्त्री 2017 से 2021 के बीच भारतीय टीम के मुख्य कोच थे। उनके मार्गदर्शन में भारत ने ऑस्ट्रेलिया में दो बार टेस्ट सीरीज जीती। भारत के 2021 टी20 विश्व कप के निराशाजनक अभियान के बाद उन्होंने अपनी भूमिका से इस्तीफा दे दिया था। शास्त्री की देखरेख में भारतीय क्रिकेट टीम ने कोई भी आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है। इस बीच, इंग्लैंड पहले ही विश्व कप सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका है। हालांकि, शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ जीत उनके लिए 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई करने के लिए पर्याप्त हो सकती है।