कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने सुनील नरेन के साथ अपनी साझेदारी के बारे में बात की है और कहा है कि वेस्टइंडीज का यह सीनियर क्रिकेट इस सीजन भी टीम के लिए मोस्ट वेल्यूबल खिलाड़ी (एमवीपी) होंगे। वरुण ने कहा कि नरेन के साथ उनके रिश्ते इतने बेहतर हो गए हैं कि खेल में रणनीति पर चर्चा करने के लिए उन्हें अब एक-दूसरे से संवाद करने की जरूरत नहीं पड़ती है।
वरुण-नरेन ने खिताबी जीत में निभाई अहम भूमिका
वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन ने कोलकाता नाइट राइडर्स की 2024 में खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। दोनों ने मिलकर कुल 38 विकेट चटकाए थे। वरुण चैंपियंस ट्रॉफी में विजयी प्रदर्शन के बाद इस सीजन की शुरुआत कर रहे हैं। ईडन गार्डंस में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ शुरुआती मैच में खराब प्रदर्शन के बाद केकेआर ने गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स को हराकर वापसी की थी। अब उसका सामना तीसरे मैच में मुंबई इंडियंस से है।
ये भी पढ़ें: LSG vs PBKS Playing 11: जीत की लय बरकरार रखने उतरेंगे लखनऊ-पंजाब, टीम में होगा बदलाव? जानें संभावित प्लेइंग-11
मुंबई के खिलाफ मैच से की वापसी
सुनील नरेन राजस्थान के खिलाफ मैच में बीमारी के कारण शामिल नहीं थे, लेकिन मुंबई के खिलाफ वापसी करने में सफल रहे। वरुण ने कहा, अब मैं नरेन साथ पांच साल बिता चुका हूं, यह उनके साथ मेरा छठा साल है। अब हमें ज्यादा संवाद करने की जरूरत नहीं है। उन्हें मुझे कुछ बताने की जरूरत नहीं है। मैं जो कुछ भी सीख सकता हूं, मैं बस यह देख सकता हूं कि वे क्या कर रहे हैं। बेशक, अगर मुझे कोई संदेह होता है, तो मैं हमेशा उनके पास जाता हूं और उनसे बात करता हूं। हमने हमेशा मिलकर अच्छी गेंदबाजी की है और वह शुरू से ही टी20 क्रिकेट में सबसे मूल्यवान खिलाड़ी रहे हैं। इस साल भी वह हमारे लिए एमवीपी होंगे।
वरुण ने तीन साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने आईपीएल 2024 में 21 विकेट लिए थे जिससे वह राष्ट्रीय टीम में वापसी करने में सफल रहे। टी20 अंतरराष्ट्रीय में अच्छे प्रदर्शन के बाद वरुण को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अंतिम समय में भारतीय टीम में शामिल किया गया था। मिस्ट्री स्पिनर के नाम से मशहूर वरुण ने ताजा होकर शुरुआत करने के महत्व पर जोर दिया।