पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का चयन हो चुका है। डेविड वॉर्नर के चयन को लेकर लगातार विवाद हो रहा है। उन्हें टीम में रखने के फैसले से पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन नाराज हैं। उन्होंने इस ओपनर बल्लेबाज के खिलाफ बयान दिया और फिर से बॉल टेंपरिंग के मामले को हवा दे दी। जॉनसन ने वार्नर की आलोचना करते हुए कहा कि वह हीरो की तरह विदाई के हकदार नहीं हैं। अब जॉनसन के बयान पर ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता और बाएं हाथ के बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की प्रतिक्रिया सामने आई है।
जॉनसन ने टेस्ट में खराब फॉर्म के बावजूद वार्नर का चयन करने के लिए ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ''जब टिम पेन का करियर विवाद के बाद खत्म हो रहा था तब चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा था कि वह पेन के भाग्य का फैसला नहीं करना चाहते, क्योंकि दोनों अच्छे दोस्त थे। हाल के वर्षों में वार्नर को संभाला है। वह बेली के साथ तीनों फॉर्मेट में खेले हैं। इससे सवाल उठते हैं।''
जॉर्ज बेली ने दिया जवाब
जब बेली से पूर्व तेज गेंदबाज की टिप्पणियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जॉनसन ठीक हैं। उन्होंने कहा, "मुझे इसके छोटे-छोटे टुकड़े भेजे गए हैं। मुझे उम्मीद है कि वह ठीक है। मुझे कोई अंदाजा नहीं है। मेरा एकमात्र अवलोकन यह होगा कि क्या कोई मुझे दिखा सकता है कि खिलाड़ी किस दौर से गुजर रहे हैं? टीम और कोचिंग स्टाफ के साथ क्या योजनाएं हैं? यह कैसे अधिक फायदेमंद है? मैं सब सुनूंगा।"
जहां तक टेस्ट में वार्नर के रिकॉर्ड की बात है, तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 109 टेस्ट मैचों में 44.33 की औसत से 8487 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट में 25 शतक और 36 अर्धशतक बनाए हैं। हालांकि, 2020 के बाद से वार्नर का टेस्ट औसत घटकर सिर्फ 31.79 रह गया है। फिर भी बेली को लगता है कि वह लंबे प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं।
स्मिथ और वॉर्नर को मिला ख्वाजा का साथ
वॉर्नर की आलोचना बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के गले नहीं उतरी है और उन्होंने अगले साल जनवरी में सिडनी में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने जा रहे इस सलामी बल्लेबाज का बचाव किया है। जॉनसन ने कहा था कि उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में 2018 में हुए ‘सैंडपेपर कांड’ में भी अपनी भूमिका की पूरी जिम्मेदारी नहीं ली है। ख्वाजा ने वॉर्नर और स्टीव स्मिथ का बचाव किया है जो उस समय आस्ट्रेलिया के कप्तान थे। उन्होंने कहा, ''वॉर्नर और स्मिथ मेरी नजर में हीरो हैं। उन्होंने खराब समय में एक साल क्रिकेट नहीं खेली। कोई भी परफेक्ट नहीं होता। मिचेल जॉनसन भी नहीं हैं। अगर कोई कहता है कि डेविड वॉर्नर या सैंडपेपर कांड में शामिल कोई और भी हीरो नहीं है तो मैं उससे इत्तेफाक नहीं रखता क्योंकि वे अपनी सजा भुगत चुके हैं। एक साल लंबा समय होता है।''