अर्शदीप या मोहसिन को मिल सकता है मौका
आईपीएल 2022 में भारत के युवा बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और उन्हें भारतीय टीम में मौका दिया जा सकता है। हैदराबाद के टी नटराजन से लेकर दिल्ली के खलील अहमद, पंजाब के अर्शदीप सिंह और लखनऊ के मोहसिन खान ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इनमें से किसी भी खिलाड़ी को मौका दिया जा सकता है। अर्शदीप सिंह ने डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी की और उनकी यॉकर भी सटीक है। ऐसे में उन्हें भारतीय टीम में मौका मिलने की संभावना सबसे ज्यादा है।
तिलक वर्मा के नाम पर भी होगा विचार
बल्लेबाजों में तिलक वर्मा ने अपने पहले ही आईपीएल में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनके नाम पर भी विचार किया जा सकता है। दीपक हुड्डा और वेंकटेश अय्यर को वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ मौका दिया गया था। दोनों ने अच्छा प्रदर्शन किया था। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि चयनकर्ता इन दोनों को मौका देते हैं या मौजूदा फॉर्म को ज्यादा तवज्जो देते हैं।
दिनेश कार्तिक ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के लिए बतौर फिनिशर कमाल किया है और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्हें भी मौका मिलने की संभावना काफी ज्यादा है। उनके अलावा राहुल तेवतिया को भी इस स्थान पर मौका दिया जा सकता है, जिन्होंने गुजरात को इस सत्र में मुश्किल परिस्थितियों में जीत दिलाई।
युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव भी शानदार फॉर्म में हैं और टीम इंडिया में 'कुलचा' की वापसी की पूरी संभावना है। इस सीरीज के जरिए चयनकर्ता आस्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवंबर में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए कोर टीम तैयार करना चाहेंगे।