फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी रणः उमेश का 'पंच', इरफान ने जड़ा शतक

Fri, 02 Nov 2012 09:13 PM IST
रोहतक/नादौन/मोहाली/जम्मू/वडोदरा/इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज उमेश यादव के पांच और सैंडी के नाम से मशहूर संदीप सिंह के चार विकेट के आगे हरियाणा की टीम विदर्भ के खिलाफ मैच के पहले दिन महज 55 रन पर ढेर हो गई। इन दोनों की कहर बरपाती गेंदबाजी के आगे प्रियंक तेहलान (18) ही कुछ हिम्मत दिखा सके। बाकी के बल्लेबाज दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच सके। इसके बाद सर्वाधिक योगदान अतिरिक्त रन (15) के रूप में रहा। जवाब में विदर्भ ने दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 78 रन बना लिए थे। फैज फजल 33 रन बनाकर आउट हुए जबकि शिव सुंदर दास 20 रन बनाकर खेल रहे थे।
विज्ञापन


इरफान ने ठोका नाबाद शतक
वडोदरा। इरफान पठान और आदित्य वाघमोरे के नाबाद शतक से कर्नाटक के खिलाफ मैच में वडोदरा की टीम विशाल स्कोर की ओर बढ़ गई है। हालांकि वडोदरा के चार विकेट एक समय 88 रन पर गिर गए थे लेकिन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 220 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को संभाल लिया। इरफान 155 गेंदों में 12 चौके और चार छक्के की मदद से 105 जबकि वाघमारे 262 गेंदों पर 16 चौके और दो छक्के की मदद से 121 रन बनाकर खेल रहे हैं। कर्नाटक की ओर से स्टुअर्ट बिनी ने सर्वाधिक दो विकेट लिए।

विकेट को तरसे हरभजन
मोहाली। टीम इंडिया में वापसी की कवायद में लगे आफ स्पिनर हरभजन सिंह हैदराबाद के खिलाफ मैच के पहले दिन कोई विकेट नहीं हासिल कर सके और उनकी इस नाकामी का फायदा उठाते हुए मेजबान टीम ने पंजाब के खिलाफ मैच के पहले दिन सात विकेट पर 244 रन बना लिए हैं। ओपनर अक्षत रेड्डी (63) और रवि तेजा (36) ने पहले विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी कर ठोस शुरुआत दिलाई। बाद में अर्जुन यादव (34), कप्तान वीवीएस लक्ष्मण (23) और इब्राहीम खलील ने 38 रन की नाबाद पारी खेल टीम को विशाल स्कोर की ओर बढ़ा दिया। पंजाब की ओर से मनप्रीत गोनी और अमितोज सिंह ने तीन-तीन विकेट लिए।
विज्ञापन


संजू ने केरल को संभाला
नादौन। हिमाचल प्रदेश के खिलाफ संजू सैमसन ने नाबाद शतकीय पारी खेल केरल को सस्ते में सिमटने से बचा लिया। केरल के छह विकेट एक समय 92 रन गिर गए थे लेकिन सैमसन ने एक छोर संभाले रखा और दिन का खेल समाप्त होने तक टीम को आठ विकेट पर 196 रन तक पहुंचा दिया। संजू 173 गेंदों पर 11 चौके और दो छक्कों के साथ 100 रन बनाकर अभी भी टिके हुए हैं और पी परमेश्वरन (13नाबाद) के साथ नौवें विकेट के लिए अब तक 51 रन जोड़ चुके हैं। हिमाचल की ओर से रिषी धवन ने तीन जबकि विक्रमजीत मलिक और गुरविंदर सिंह ने दो-दो विकेट लिए।

झारखंड ने की ठोस शुरुआत
जम्मू। जम्मू एंड कश्मीर के खिलाफ झारखंड ने ठोस शुरुआत की है। हरदीप सिंह के नाबाद 49 और आदिल रिषी के नाबाद 41 रन की मदद से जम्मू ने मैच के पहले दिन 195 रन बनाए। जवाब में झारखंड ने दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 81 रन बना लिए थे। स्टंप्स के समय रमीज नेमत 42 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि मनीष वर्धन ने 31 रन बनाए। झारखंड की ओर से शादाब नदीम और शंकर राव ने तीन-तीन विकेट लिए।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें