भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज में टीम इंडिया का पलड़ा हमेशा भारी रहा। ऑस्ट्रेलिया की टीम अपेक्षाकृत कमजोर रही। उनकी गेंदबाजी में पैनापन नजर नहीं आया। तेज गेंदबाज पैट कमिंस पूरी सीरीज में फीके रहे। फिरकी गेंदबाज एडम जंपा और एश्टन अगर भी घातक नहीं रहे। कप्तान स्टीव स्मिथ का बल्ला भी खामोश रहा। पूरी सीरीज में कंगारू टीम का मध्यमक्रम पूरी तरह लड़खड़ाता रहा। डेथ ओवरों में भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह की गेंदों का उनके पास कोई जवाब नहीं था। वहीं टीम इंडिया की बैटिंग और बॉलिंग दोनों बेहतर रही। गेंदबाज कंगारू बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिए वहीं भारतीय बल्लेबाजों ने आसानी से कंगारू गेंदबाजों के खिलाफ रन बटोरे। पूरी सीरीज के ये पांच यादगार पहलू रहे।
रहाणे के चार लगातार अर्धशतक
अजिंक्य रहाणे
- फोटो : ESPN
शिखर ध्वन की गैर मौजूदगी में ओपनिंग करने उतरे रहाणे का बल्ला सीरीज के पहले मैच में चेन्नई में नहीं चला। वहां वह महज 5 रन ही बना सके। बाकी सभी मैचों में रहाणे ने लगातार चार अर्धशतक लगाए। उन्होंने कोलकाता में 55, इंदौर में 70, बेंगलुरू में 53 ओर नागपुर में 61 रनों की शानदार पारी खेली। 49 की औसत से पूरी सीरीज में 244 रन बनाए। तीसरे, चौथे और पांचवें वन डे में रोहित शर्मा के साथ रहाणे ने शतकीय साझेदारी भी की।
विराट ने धोनी की बराबरी की
कोहली और धोनी
- फोटो : ndtv
सीरीज में विराट कोहली ने अपनी कप्तानी में लगातार 9 मैच जीतकर एमएस धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी की। विराट से पहले एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार 9 मैच जीते थे। बेंगलुरू में हारने की वजह से विराट धोनी का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। अगर वह यहां जीत जाते तो लगातार दस मैचों में जीत का रिकॉर्ड बना लेते।
रोहित ने बल्लेबाजी में बनाए कीर्तिमान
रोहित शर्मा
- फोटो : ESPN
रोहित ने सीरीज में अपने वन डे कैरियर के 6000 रन पूरे किए। भारत में सबसे कम पारियों में 2000 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। उनके नाम 43 मैच की 42 पारियों में 55.55 की औसत से 2 हजार रन हो गए हैं। इस दौरान रोहित ने 11 अर्धशतक और 4 शतक भी जड़े हैं। जिनमें दो दोहरे शतक भी हैं। रोहित से पहले ये रिकॉर्ड टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के नाम दर्ज था। सौरव ने भारतीय सरजमीं पर 2 हजार रन 45 पारियों में पूरे किए थे वहीं विराट कोहली ने 46 पारियों में ये कारनामा किया था। रोहित ने अंतिम मैच में शतक लगाया। अब उनके ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 शतक हो गए हैं। सचिन तेंदुलकर ने कंगारुओं के खिलाफ सर्वाधिक 9 शतक लगाए हैं।
वार्नर ने अपने 100 वें मैच में शतक लगाया
डेविड वॉर्नर
कंगारू ओपनर डेविड वार्नर ने सीरीज के दौरान अपने करियर के 100 वें वन डे में बेंगलुरू में शतक लगाया। सीरीज के चौथे मैच में वार्नर ने यह शतक लगाया। यह उनके करियर का 14 वां शतक रहा। वार्नर इसी के साथ 100 या उससे अधिक वन डे खेलने वाले ऑस्ट्रेलिया के 28 वें खिलाड़ी हो गए।
भुवनेश्वर और बुमराह के घातक स्पेल
कोहली एंड बुमराह
- फोटो : hindustan times
डेथ ओवरों में भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह दुनिया के सबसे बेस्ट गेंदबाज हैं। कंगारू टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ ने यह बयान दिया है। स्मिथ का यह बयान पूरी तरह सच भी है। बुमराह और भुवनेश्वर की प्रभावी गेंदबाजी के सामने कंगारू बल्लेबाज अंतिम ओवरों में खुलकर रन नहीं बना सके। उनका मध्यमक्रम तो पूरी सीरीज में स्लॉग ओवरों में रन नहीं बना पाया। बेंगलुरू में कोहली ने इन दोनों गेंदबाजों को नहीं खिलाया तो उन्हें सीरीज की एकमात्र हार का सामना करना पड़ा। इन दोनों गेंदबाजों की डेथ ओवरों में गेंदबाजी भी सीरीज के यादगार पहलू में शामिल है।