रोहित शर्मा को वनडे का नया कप्तान बनाने के बाद अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) उनके डिप्टी की तलाश में जुट गया है। इस रेस में फिलहाल तीन खिलाड़ियों का नाम उभर कर सामने आ रहा है। बीसीसीआई ने बुधवार को विराट कोहली को हटाकर रोहित को वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया था। हालांकि, टेस्ट में विराट कप्तानी करते रहेंगे।
वहीं, सिमित ओवर के क्रिकेट में रोहित भारतीय टीम की कमान संभालेंगे। इसके साथ ही बीसीसीआई ने रोहित को टेस्ट टीम का नया उपकप्तान भी बनाया है। खराब फॉर्म की वजह से अजिंक्य रहाणे से यह पद छीन लिया गया। हम आपको बता रहे हैं कि वनडे में कौन से तीन खिलाड़ी फिलहाल उपकप्तान बनने की रेस में सबसे आगे हैं...
केएल राहुल
- फोटो : ट्विटर @BCCI
1. केएल राहुल
उपकप्तान बनने की दौड़ में राहुल सबसे आगे हैं। उन्हें टी-20 में भी उपकप्तान नियुक्त किया गया था। राहुल तीनों फॉर्मेट खेलते हैं और तीनों में ही उनकी बल्लेबाजी कमाल की है। पिछले कुछ सालों में वह सिमित ओवर क्रिकेट में भारत के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहे हैं। टी-20 में तो उनके आसपास भी कोई नहीं है।
राहुल उपकप्तान के साथ-साथ रोहित के ओपनिंग पार्टनर भी बने रहेंगे। राहुल ने 40 टेस्ट में 35.17 की औसत से 2321 रन, 38 वनडे में 48.68 की औसत से 1509 रन और 55 टी-20 में 40.69 की औसत से 1831 रन बनाए हैं। टेस्ट में उनके नाम छह शतक और 12 अर्धशतक, वनडे में पांच शतक और नौ अर्धशतक और टी-20 में दो शतक और 16 अर्धशतक हैं।
ऋषभ पंत
- फोटो : twitter
2. ऋषभ पंत
24 साल के पंत भी उपकप्तान बनने की रेस में हैं। पंत अभी युवा हैं और उनमें भविष्य का कप्तान बनने की पूरी क्षमता दिखती है। आईपीएल में भी पंत ने अपनी कप्तानी (दिल्ली कैपिटल्स) से सभी को प्रभावित किया था। उनकी कप्तानी में दिल्ली की टीम आईपीएल प्लेऑफ में पहुंची थी। पंत में पूर्व कप्तान धोनी की छवि दिखती है और वह बेखौफ होकर और बिना किसी दबाव के बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
विकेट के पीछे से उनकी सलाह भी गेंदबाजों को काम आ सकती है। पंत ने 25 टेस्ट में 39.72 की औसत से 1549 रन बनाए हैं। इसमें तीन शतक और सात अर्धशतक शामिल है। वहीं, 18 वनडे में पंत के नाम 529 रन हैं। 40 टी-20 में वह 23.07 की औसत से 623 रन बना चुके हैं।
जसप्रीत बुमराह
- फोटो : social media
3. जसप्रीत बुमराह
उपकप्तान बनने की लिस्ट में तीसरा बड़ा नाम 28 साल के जसप्रीत बुमराह का है। बुमराह भारत के स्ट्राइक बॉलर हैं और तीनों फॉर्मेट खेलते हैं। उनका प्रदर्शन किसी से छुपा नहीं है और भारत को अकेले दम पर कई मैच जिताए हैं। फिट रहने पर वह तीनों फॉर्मेट खेलते ही हैं। ऐसे में बीसीसीआई उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दे सकता है।
ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में तेज गेंदबाज पैट कमिंस को टेस्ट टीम का कप्तान बनाया है। बुमराह को भी उनकी निरंतरता को देखते हुए उपकप्तान बनाया जा सकता है। उन्होंने 24 टेस्ट में 101 विकेट, 67 वनडे में 108 विकेट और 54 टी-20 में 66 विकेट लिए हैं।
भारत को इस महीने दक्षिण अफ्रीका का दौरा करना है। इस दौरान टीम तीन टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। टेस्ट सीरीज की शुरुआत 26 दिसंबर से होगी। वहीं, वनडे मैच 19 जनवरी से खेले जाएंगे। टेस्ट में विराट कोहली और वनडे में रोहित शर्मा टीम की कमान संभालते नजर आएंगे।