आईपीएल-6 के स्पॉट फिक्सिंग रैकेट में पकड़े गए राजस्थान रॉयल्स के तीनों खिलाड़ी बुकीज के संपर्क में कैसे आए। आईए आपको बताते हैं।
श्रीसंत:
श्रीसंत के बचपन व क्लब का दोस्त है बुकी जीजू जनार्दन। जीजू के जरिए श्रीसंत फिक्सिंग में फंसा। जीजू ने श्रीसंत को बुकी मनन से मिलवाया। जीजू क्लब स्तर का क्रिकेटर रहा है।
अजीत चंदीला:
अजीत राजस्थान रॉयल्स का खिलाड़ी होने के कारण अमित सिंह को जानता था। अमित सिंह पिछले दो आईपीएल मैच से राजस्थान रॉयल्स की टीम में नहीं है। अमित ने चंदीला की गुड़गांव के कंट्री क्लब में बुकीज से मुलाकात करवाई थी।
अंकित चव्हाण:
बुकीज ने अजीत को और खिलाड़ियों को फिक्सिंग के लिए तैयार करने के लिए कहा था। चंदीला ने अंकित को तैयार किया और बुकीज से जयपुर में मिलवाया था।
इस मैच पर भी उठे सवाल
तारीख : 29 अप्रैल, 2012
मैच :- राजस्थान रॉयल्स बनाम दिल्ली डेयरडेविल्स।
स्थान : दिल्ली (फिरोजशाह कोटला स्टेडियम)
टॉस जीतकर दिल्ली ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 152 रन को चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
जवाब में राजस्थान की टीम एक समय 18 ओवर में महज 1 विकेट पर 138 रन बनाकर आसान जीत की ओर बढ़ रही थी। मगर तभी राजस्थान ने 19वें ओवर में 25 गेंदों पर 22 रन बनाकर खेल रहे ब्रैड हॉज का विकेट गंवा दिया। मोर्ने मोर्कल के इस ओवर में केवल तीन ही रन बने।
अंतिम ओवर में राजस्थान को जीत के लिए केवल 12 रन चाहिए थे और उसके आठ विकेट शेष थे। मगर टीम 11 रन ही बना सकी। विकेट हाथ में होने के बावजूद इस हार ने कई सवाल भी खड़े किए।