टीम इंडिया के ओपनर शिखर धवन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 17 सितंबर से शुरू हो रही पांच मैचों की वन-डे सीरीज के पहले तीन मैचों से अपना नाम वापस ले लिया है। धवन ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले तीन मैचों से अपने आप को रिलीज करने की गुजारिश की है।
भारतीय ओपनर ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ संपन्न पांच मैचों की वन-डे सीरीज के अंतिम मैच और एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच से भी अपना नाम वापस लिया था। बीसीसीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा, 'टीम इंडिया के ओपनर शिखर धवन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले तीन वन-डे से अपने आप को रिलीज करने की गुजारिश की है। वो अपनी पत्नी के साथ रहना चाहते हैं, जिनकी तबियत अभी ठीक नहीं है। ऑल-इंडिया सीनियर सिलेक्शन कमिटी ने फैसला किया है कि शिखर धवन का कोई विकल्प नहीं चुना जाएगा।'
शिखर धवन के बाहर होने से टीम इंडिया को जोरदार झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेजबान टीम की चिंता ओपनर को लेकर होगी। उम्मीद की जा रही है कि अजिंक्य रहाणे अब बाएं हाथ के बल्लेबाज धवन की जगह ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालते दिखेंगे। वैसे केएल राहुल के रूप में टीम के पास एक और विकल्प मौजूद है।
शिखर धवन चैंपियंस ट्रॉफी से ही जबर्दस्त फॉर्म में हैं। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्होंने भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन (358) बनाए थे और पहले वनडे में उन्होंने 132 रन की शानदार पारी खेली थी।
अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले तीन वन-डे के लिए टीम इंडिया इस प्रकार है-
विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), लोकेश राहुल, मनीष पांडे, केदार जाधव, अजिंक्य रहाणे, एमएस धोनी, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव और मोहम्मद शमी।