आईपीएल 2022 खत्म होने के बाद अब भारतीय खिलाड़ी आराम कर रहे हैं। अब भारतीय खिलाड़ी नौ जून से फिर एक्शन में दिखेंगे। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज की शुरुआत नौ जून से हो रही है। इसके बाद भारत को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच फिर वनडे और टी20 सीरीज भी खेलना है। टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए आने वाले छह महीने बहुत व्यस्त रहने वाले हैं। इस दौरान भारत छह देशों के साथ छह द्विपक्षीय सीरीज और दो टी20 टूर्नामेंट में भी भाग लेगा।
भारत को अगले छह महीने में दक्षिण अफ्रीका, आयरलैंड, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज खेलनी है। इसके अलावा टी20 विश्व कप और एशिया कप में भी शामिल होना है। जून के महीने में तो भारत की दो अलग-अलग टीमें अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेंगे। केएल राहुल की अगुवाई में टी20 टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलेगी। वहीं, सीनियर खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड जाएंगे। इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया तीन वॉर्म अप मैच, तीन वनडे, तीन टी20 और पिछले साल खेली गई टेस्ट सीरीज का बचा हुआ पांचवां मैच खेलेगी।