बांग्लादेश की क्रिकेट टीम इस समय अपने खेल इतिहास में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही है। अपने शानदार प्रदर्शन के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए बांग्लादेश ने टीम इंडिया को भी धूल चटा दिया है।
तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मैच में रविवार को बांग्लादेश ने गजब का खेल दिखाया और महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम इंडिया को एकतरफा मुकाबले में रौंद दिया। यह जीत मेजबान टीम के लिए ऐतिहासिक रही क्योंकि उसने पहली बार भारत को लगातार दो वनडे में हराया है। साथ ही बांग्लादेश ने पहली बार अपने पड़ासी से कोई वनडे सीरीज जीती है।
टीम के शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ मैदान के बाहर मैच देख रहे प्रशंसक भी बेहद अभिभूत हैं लेकिन वे जश्न में इतने डूब गए कि अपनी मर्यादा ही भूल बैठे और कई बार बेकाबू होते दिखे। मीरपुर में वनडे सीरीज के दौरान अपनी टीम की जीत के बाद जश्न मना रहे बांग्लादेशी समर्थकों ने भारतीय प्रशंसक पर पथराव भी किए। बतौर प्रशंसक अपनी पहचान बना चुके सुधीर गौतम ने दावा किया है उन पर स्थानीय प्रशंसकों ने पत्थर से हमला किया था।