टीम इंडिया गुरुवार की शाम डहरम के लिए रवाना हो गई है। लंदन से डरहम जाने में बस से पांच घंटे लगते हैं। टीम इंडिया को 20 जुलाई से काउंटी सेलेक्ट इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच खेलना है। पंत फिलहाल अभ्यास मैच नहीं खेल सकेंगे। ऐसे में केएल राहुल विकेटकीपिंग करेंगे। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने एक आधिकारिक बयान में कहा, 'पंत ब्रेक के दौरान टीम होटल में नहीं थे। वह आठ जुलाई को कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उनमें कोई लक्षण नहीं है और वह उसी स्थान पर पृथकवास में हैं, जहां वह पॉजिटव पाए गए थे।' उन्होंने कहा, 'बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है और अब वह रिकवरी की राह पर है। वह दो निगेटिव आरटी पीसीआर टेस्ट आने के बाद डरहम में टीम से जुड़ेंगे।'
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और थ्रोडाउन विशेषज्ञ दयानंद जारानी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं जबकि तीन अन्य को पृथकवास में रखा गया है। गेंदबाजी कोच भरत अरुण, रिजर्व विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा और स्टैंडबाय सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन को पृथकवास में रखा गया है, जो दयानंद के संपर्क में आए थे। दयानंद को 14 जुलाई को आरटी-पीसीआर टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। ये सभी लंदन में ही पृथकवास में रहेंगे।
बीसीसीआई ने कहा, 'चारों को दस दिन पृथकवास में रहना होगा। वे लंदन में अपने टीम होटल के कमरों में ही रहेंगे।'बोर्ड ने बताया कि क्रिकेटरों के साथ यात्रा कर रहे उनके सभी परिजनों और स्टाफ को लंदन में इस महीने की शुरुआत में कोरोना का दूसरा टीका लग चुका है। शाह ने मीडिया को जारी बयान में कहा, 'आगे किसी जोखिम से बचने के लिये भारतीय दल का प्रतिदिन 'लेटरल फ्लो टेस्ट' होगा।' भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ चार अगस्त से पांच टेस्ट की श्रृंखला खेलनी है। टीम इससे पहले 20 जुलाई से अभ्यास मैच भी खेलेगी। भारत और इंग्लैंड के बीच इस मुकाबले के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे चक्र की शुरुआत होगी।