लॉर्ड्स टेस्ट में टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे तेज गेंदबाज इंशात शर्मा चोटिल होने के कारण तीसरे मैच में नहीं खेल सके थे। उनकी अनुपस्थिति के कारण इस मैच में भारत की गेंदबाजी आक्रमण कमजोर साबित हुई और टीम इंडिया यह मैच हार गई।
हार के बाद आलोचनाओं का सामना कर रही टीम इंडिया को सीरीज का चौथा टेस्ट 7 अगस्त से खेलना है लेकिन इस मैच में भी इशांत की वापसी की संभावना नहीं है। कप्तान धोनी ने तीसरे मैच के बाद ही बता दिया था कि इशांत अगले मैच में नहीं खेल सकेंगे।
इशांत के बाहर होने के बाद टीम इंडिया के दूसरे सबसे प्रमुख गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी चोटिल हो गए हैं।
टीम इंडिया के खेमे में चिंता की 'लकीरें'
तेज गेंदबाज इशांत शर्मा के बाद स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के टखने में आई सूजन टीम इंडिया और उसके प्रबंधन के लिए चिंता का कारण बन गई है।
अब भुवनेश्वर की चोट ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और कोच डंकन फ्लेचर की नींद जरूर उड़ा दी होगी।
भारत मेजबान टीम के खिलाफ तीसरा टेस्ट मैच के अंतिम दिन पहले ही सत्र में 266 रन से हार गई थी जिसके बाद दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर है। भुवनेश्वर अगर इस मैच में नहीं खेलते हैं तो भारत के लिए यह बड़ा झटका होगा क्योंकि गेंदबाजी के अलावा वह बल्लेबाजी में भी काफी सफल रहे हैं। भुवी ने नौंवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए कई वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं।
अब तक बेहद सफल रहे हैं भुवी
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में भुवनेश्वर कुमार ने अपने लाजवाब प्रदर्शन से सबको चौंका दिया है। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर अनफिट हो गए हैं और उनके अगले मैच में खेलने पर संशय बना हुआ है।
उन्होंने सीरीज में अब तक कुल 228 रन देकर 15 विकेट झटके हैं। उन्होंने 3 टेस्ट मैचों में कुल 124.5 ओवर गेंदबाजी की है। उनसे ज्यादा गेंदबाजी केवल बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा ने की है जिन्होंने 142.3 ओवर डाले।
भुवी के अगले मैच में खेलने की बात कप्तान धोनी ने कहा, "मुझे लगता है कि वह कुछ थके हुए हैं। लेकिन उन्होंने पहले स्पैल के बाद शानदार गेंदबाजी की। मेरा मानना है कि उन्होंने पहले दो टेस्टों में ज्यादा प्रभावी गेंदबाजी की थी। तीसरे टेस्ट में वह अपनी लाइन लेंथ से कुछ दूर रह गए थे। इसे छोड़ दिया जाए तो मैं अपने तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन से संतुष्ट हूं।"
हालांकि चौथा टेस्ट मैच शुरू होने में अभी कुछ दिन बाकी है और इस दौरान भारतीय दल चाहेगा कि इस मुकाबले से पहले यह प्रमुख तेज गेंदबाज पूरी तरह से फिट हो जाए।