श्रीलंका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के शुरुआती चरण के अपने पहले मुकाबले में सोमवार को यहां नामीबिया को सात विकेट से हराया। श्रीलंका ने जीत के लिए मिले 97 रन के लक्ष्य को 13.3 ओवर में हासिल कर लिया। ग्रुप ए के इस मैच में श्रीलंका के लिए भानुका राजपक्षे ने नाबाद 42 रन बनाए।
विज्ञापन
हालांकि नामीबिया ने शुरुआत में पाथम निसांका (05), कुसाल परेरा (11) और दिनेश चांदीमल (05) को पावरप्ले के छह ओवरों में आउट कर चुनौती देने का प्रयास किया लेकिन आविष्का फर्नांडो (30) और भानुका राजपक्षा ने 2014 की चैंपियन श्रीलंका टीम को उसके बाद आसानी से जीत दिला दी।
भानुका ने तेज गेंदबाज जेन की गेंद पर छक्का मारकर जीत दिलाई। इस तरह ग्रुप ए में आयरलैंड के साथ श्रीलंका के भी दो अंक हो गए हैं। नामीबिया के लिए स्पिनर बर्नाड ने 16 रन देकर एक विकेट लिया। इसके अलावा रुबेन और स्मिट ने विकेट लिए।