भारत और पाकिस्तान के बीच 24 अक्तूबर को होने वाले टी-20 विश्व कप मैच का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। इससे पहले पाकिस्तान के बल्लेबाजी सलाहकार मैथ्यू हेडन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस मैच की तुलना कुत्तों की लड़ाई (डॉग फाइट) से की है। हेडन ने कहा कि दोनों में से कोई टीम इस मैच में हार मानने को तैयार नहीं होता।
हेडन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा- कोई भी एक टीम आसानी से जीतकर मैच खत्म नहीं कर सकती। यह कुत्तों की लड़ाई जैसा है। इस मैच में गलती करने की गुंजाइश बेहद कम है। ऐसे में कप्तानी का रोल अहम हो जाता है। बाबर एक अच्छे कप्तान हैं और उनमें पूरी क्षमता है। बल्लेबाजी में भी वह शानदार खिलाड़ी हैं। टीम इंडिया उन्हें ही टारगेट करेगी।
हेडन ने कहा- बाबर एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें हर टीम अपने दस्ते में शामिल करना चाहेगी। उनपर बल्लेबाज और कप्तान दोनों रूप से दबाव होगा। हालांकि, मुझे लगता है कि वह इस रोल का बखूबी निभाएंगे और कामयाब होंगे।
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर हेडन ने कहा- इन दोनों टीमों की प्रतिद्वंद्विता बहुत पुरानी है। इस मैच में दबाव होना जाहिर है। जब कोई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ खेलता है, तो उस पर भी दबाव होता है। हालांकि, यह दबाव तभी है, जब आप खुद पर उसे हावी होने देते हो। अच्छी तैयारी, अनुभव और जिद्द से आप इसे खत्म कर सकते हैं। भारत के खिलाफ मैच को जीतकर पाकिस्तान के पास इतिहास बनाने का मौका है।
हेडन ने कहा- मैं महसूस कर रहा हूं कि हमारे खिलाड़ी इस मैच के लिए तैयार हैं। टी-20 विश्व कप से पहले पाकिस्तान ने उन्हें बल्लेबाजी सलाहकार नियुक्त किया था। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज वर्नोन फिलेंडर को गेंदबाजी सलाहकार नियुक्त किया गया था। हेडन ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि मैं पाकिस्तान के ड्रेसिंग रूम में बैठूंगा।
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ओपनिंग मैच से पहले लगातार दो वार्म अप मैचों में जीत हासिल की। भारत ने इंग्लैंड को सात विकेट से और ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराया। वहीं, पाकिस्तान की टीम दो में से सिर्फ एक वार्म अप मैच जीत सकी।
पहले में उन्होंने विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज को हराया। वहीं, दूसरे में दक्षिण अफ्रीकी टीम के हाथों पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।