भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप की शुरुआत शानदार तरीके से की है और ग्रुप चरण के अपने शुरुआती तीनों मैच जीते हैं। भारत अमेरिका को सात विकेट से हराने के साथ ही सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहा है। अमेरिका के खिलाफ तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने दमदार प्रदर्शन किया था। अब पूर्व भारतीय स्पिनर अनिल कुंबले ने अर्शदीप की सराहना की और बताया कि भारतीय टीम टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में वेस्टइंडीज में खेले जाने वाले मैचों में अगर दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला करती है तो मौजूदा फॉर्म को देखते हुए मोहम्मद सिराज की जगह अर्शदीप सिंह को प्लेइंग-11 में मौका मिलना चाहिए।
अर्शदीप ने पहली ही गेंद पर अमेरिका को दिया झटका
टीम इंडिया अमेरिका के खिलाफ जब पहले गेंदबाजी करने उतरी तो पहला ओवर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को थमाया गया। उन्होंने मैच की पहली गेंद पर विकेट लिया। मैच की पहली ही गेंद पर अर्शदीप ने शायन जहांगीर को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। जहांगीर खाता भी नहीं खोल सके। इसी ओवर में अर्शदीप ने एक और विकेट लिया। उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर आंद्रीज गौस (2) को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। ये दो विकेट लेते ही अर्शदीप ने रिकॉर्ड बनाया। वह टी20 विश्व कप में मैच की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी और ओवरऑल चौथे खिलाड़ी बन गए। अर्शदीप ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अमेरिका के खिलाफ नौ रन देकर चार विकेट झटके। भारतीय टीम ने इस मैच को सात विकेट से जीता।
बेहतर रहा है अर्शदीप का प्रदर्शन
अर्शदीप ने अब तक टी20 विश्व कप के तीनों मैचों में भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 6.2 की इकॉनोमी और 10.28 के स्ट्राइक रेट से सात विकेट लिए हैं। इसकी तुलना में सिराज ने तीन मैचों में 66 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ एक विकेट लिया है।
'सिराज से आगे हैं अर्शदीप'
तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह टीम की पहली पसंद के गेंदबाज है और कुंबले का मानना है कि इस विभाग में अर्शदीप और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को यह जिम्मेदारी उठानी चाहिए। कुंबले ने कहा, मुझे लगता है कि जिस तरह से अर्शदीप ने पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी ओवर में गेंदबाजी की और उसके पास टी20 क्रिकेट के लिए जिस तरह की विविधता है उससे मुझे लगता है कि वह निश्चित रूप से उसे मोहम्मद सिराज से आगे है। अगर भारत दो तेज गेंदबाजों और हार्दिक पांड्या के साथ जाने का विकल्प अपनाता है तो अर्शदीप बाएं हाथ के गेंदबाज होने के कारण विविधता भी मुहैया कराएंगे।