भारत को 2022 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। पूर्व भारतीय खिलाड़ी संजय मांजरेकर का मानना है कि वो हार भारतीय टीम के लिए चिंताजनक थी और तब से भारतीय टीम एकदम अलग हो गई है। मांजरेकर का कहना है कि कोहली और रोहित दोनों ने इसे कभी स्वीकार नहीं किया, लेकिन उस हार में इन दोनों का योगदान था।
इंग्लैंड के खिलाफ उस मैच में कोहली और रोहित शर्मा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और यही कारण था कि टीम को सेमीफाइनल में हार मिली थी। रोहित ने उस समय 28 गेंदों पर 27 रन और कोहली ने 40 गेंदों पर 50 रन बनाए थे जिससे भारत ने छह विकेट पर 168 रन बनाए थे और इंग्लैंड ने 16 ओवर के अंदर बिना किसी नुकसान के मैच जीता था और फिर फाइनल में पाकिस्तान को हराया था।
मांजरेकर ने एक स्पोर्ट्स चैनल से कहा, भारत टी20 में अब एक अलग टीम बना चुका है। 2022 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में मिली हार उसके लिए खतरे की घंटी थी। वे भले ही इस बात को स्वीकार ना करें। रोहित और कोहली दोनों ने ही कभी इस स्वीकार नहीं किया कि उन्होंने भारत को सेमीफाइनल हारने में मदद की, लेकिन यह नया भारत है और एक दम अलग है। भारत के लिए अच्छी बात यह है कि इंग्लैंड पिछले कुछ वर्ष की तुलना में थोड़ी कमजोर दिख रही है।
फिर नहीं चला कोहली का बल्ला
इस टी20 विश्व कप में कोहली की फॉर्म भारत के लिए चिंता का विषय रही है और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उनका बल्ला खामोश ही रहा। कोहली बारिश से बाधित इस मुकाबले में नौ गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले उन्होंने छह मैचों में एक, चार, शून्य, 24, 37 और शून्य रन बनाए थे।