टी-20 विश्व कप का रोमांच फैंस पर सिर चढ़कर बोल रहा है। दुनियाभर के लोग फिलहाल टी-20 विश्व कप फाइनल के लिए दुबई में हैं। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच से पहले दुबई में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता 2.3 मापी गई है। इसका केंद्र दक्षिणी ईरान था। वहां तीव्रता 6.2 मापी गई।
भूकंप के झटकों के बाद लोग अपने-अपने मकान से बाहर भी निकले। अरब न्यूज के मुताबिक, साउथ ईरान में रविवार शाम को 6.2 तीव्रता से भूकंप आया था, जिसके झटके दुबई और यूएई में भी महसूस किए गए और दुबई में भी लोगों को भूकंप महसूस हुए। यूएई में जो भूकंप के झटके आए, उसकी तीव्रता 2.3 थी।
इसके बावजूद ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड फाइनल मैच पर कोई असर नहीं पड़ा। टॉस हुआ और ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। सात साल बाद आज टी-20 को नया चैंपियन मिलेगा। इससे पहले 2007 में भारत, 2009 में पाकिस्तान, 2010 में इंग्लैंड, 2012 और 2016 में वेस्टइंडीज और 2014 में श्रीलंका चैंपियन बन चुका है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दो से तीन मिनट तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूएई के मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिणी ईरान में शाम चार बजे भूकंप आया था। इसके बाद दुबई तक इसके झटके महसूस किए गए।