भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सोमवार को खेला गया सुपर आठ चरण का मैच कंगारू टीम के लिए उम्मीद के अनुरूप निर्णय देने वाला नहीं रहा। भारत ने जहां इस मुकाबले को जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया, वहीं ऑस्ट्रेलिया का सफर यहीं समाप्त हो गया। कंगारूओं के खिलाफ मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ी अक्षर पटेल ने शानदार कैच पकड़ा था। टी20 विश्व कप के बाकी मैचों की तरह इस मुकाबले के बाद भी फील्डिंग कोच टी दिलीप ने एक खिलाड़ी को बेस्ट फील्डर का अवॉर्ड दिया। मालूम हो कि पिछले वनडे विश्व कप से यह परंपरा चल रही है।
ये खिलाड़ी थे दौड़ में शामिल
ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम में खुशी का माहौल था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक वीडियो जारी किया जिसमे टी दिलीप सर्वश्रेष्ठ फील्डर की घोषणा कर रहे थे। उन्होंने पहले खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की फिर सर्वश्रेष्ठ फील्डर की दौड़ में शामिल उम्मीदवारों के नाम बताए। इस दौड़ में सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, रोहित शर्मा और अक्षर पटेल शामिल थे। दिलीप ने फिर भारतीय टीम के थ्रो डाउन विशेषज्ञ नुवान सेनेविरत्ने को बुलाया और उन्होंने अक्षर पटेल को यह मेडल पहनाया।
अक्षर ने पकड़ा था जबरदस्त कैच
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में अक्षर ने बाउंड्री लाइन पर जबरदस्त कैच पकड़ा था। दरअसल, ट्रेविस हेड के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन कुलदीप यादव की गेंद पर अक्षर ने हवा में उछलकर कैच पकड़ा। उनका कैच इतना शानदार था कि मैदान पर मौजूद अन्य खिलाड़ी यह नजारा देखकर चौंक गए। मार्श 28 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुए और भारत हेड के साथ उनकी साझेदारी तोड़ने में सफल रहा था।
भारत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई
भारतीय टीम ने रोहित शर्मा के बाद अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की मदद से ऑस्ट्रेलिया को 24 रनों से हराया था। भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 205 रन बनाए, जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 181 रन ही बना सकी और उसे लगातर दूसरी हार का सामना करना पड़ा था। उसने इस तरह सेमीफाइनल में भी जगह पक्की कर ली। भारत का सेमीफाइनल में सामना गत चैंपियन इंग्लैंड से होगा। इससे पहले भी 2022 में दोनों टीमों का सामना अंतिम चार में हुआ था जहां इंग्लैंड की टीम जीत दर्ज करने में सफल रही थी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 27 जून को गुयाना में खेला जाएगा।