अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम रविवार को टी20 विश्व कप में जब स्कॉटलैंड के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी तो उसे उम्मीद होगी कि वे स्वदेश में मुश्किल दौर से गुजर रहे लोगों को जश्न मनाने का मौका देगी। दोनों टीमों के बीच छह मैच खेले गए हैं जिनमें सभी अफगानिस्तान ने जीते हैं। टी20 विश्व कप में दोनों टीमें एक बार भिड़ी थीं जिसमें अफगानिस्तान 14 रन से जीता था।
क्वालिफाइंग दौर में तीनों मैच जीते हैं स्कॉटलैंड की टीम ने
अगस्त में देश पर तालिबान के कब्जे के बाद से अफगानिस्तान के लोगों को मुश्किल दौर का सामना करना पड़ रहा है। स्वदेश में हालात के कारण क्रिकेटरों को अभ्यास का पर्याप्त मौका नहीं मिला और टीम के चयन को लेकर भी विवाद हो गया जब स्टार स्पिनर राशिद खान ने टीम की घोषणा के तुरंत बाद कप्तानी छोड़ दी।
अंतिम लम्हों में कुछ बदलाव किए गए और अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी को दोबारा टीम की अगुआई की जिम्मेदारी सौंपी गई। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले विवादों के बावजूद अफगानिस्तान ने दो अभ्यास मैचों में अपनी क्षमता का नजारा पेश किया। टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी लेकिन उसने गत चैंपियन वेस्टइंडीज को हराया।
स्पिन तिकड़ी दिखाएगी कमाल
अफगानिस्तान को सलामी बल्लेबाजों हजरतुल्लाह जजाई और मोहम्मद शहजाद से अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी जबकि मध्यक्रम में तेजी से रन जुटाने की जिम्मेदारी नजीबुल्लाह जदरान और कप्तान नबी पर होगी। राशिद, नबी और मुजीब जदरान की स्पिन तिकड़ी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों को भी परेशान करने में सक्षम है और आईपीएल के दौरान शारजाह की धीमी और नीची रहती पिचों को देखते हुए उम्मीद है कि ये तीनों विश्व कप मुकाबले के लिए तैयार विकेट पर गेंदबाजी का लुत्फ उठाएंगे।
नए उलटफेर के मूड में कोएत्जर की टीम
दूसरी तरफ बांग्लादेश सहित पहले दौर के अपने तीनों मैचों में जीत दर्ज करने के बाद स्कॉटलैंड की टीम आत्मविश्वास से भरी है। काइल कोएत्जर की कप्तानी वाली स्कॉटलैंड की टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ अपनी क्षमता दिखाई और हार के कगार पर पहुंचने के बावजूद मजबूत विरोधी टीम को हराया। ब्रेडली व्हील और जोश डेवी की नई गेंद की जोड़ी ने प्रभावी प्रदर्शन किया है जबकि बाएं हाथ के स्पिनर मार्क वॉट बीच के ओवरों में प्रभावी रहे हैं। ओमान के खिलाफ जीत के बाद वॉट ने स्पष्ट कर दिया था कि स्कॉटलैंड की टीम सुपर 12 में कुछ उलटफेर करने के इरादे से उतरेगी।