भारत और अमेरिका के बीच बुधवार को टी20 विश्व कप 2024 का 25वां मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया बेहतर प्रदर्शन के साथ आगे के कड़े मुकाबलों के लिए लय हासिल करने की कोशिश करेगी। अमेरिका की टीम भले ही पहली बार इस टूर्नामेंट में खेलती नजर आ रही है, लेकिन उन्होंने पिछले दो मैचों में खुद को साबित किया है। ऐसे में मेजबानों को कम आंकना भारत के लिए भारी भूल साबित हो सकता है।
बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद
भारतीय टीम इस मैच में अमेरिका को हराकर सुपर-8 में जगह दर्ज करना चाहेगी। न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल नहीं है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारतीय बल्लेबाजों को संघर्ष करते देखा गया था। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपाया था। इस मैच में भारत ने 30 रन के अंदर अपने अंतिम सात विकेट गंवा दिए थे।
दोनों टीमों को रहना होगा एक-दूसरे से सावधान
अमेरिका के खिलाफ ढीला रवैया भारत को भारी पड़ सकता है क्योंकि यह टीम पहले पाकिस्तान को भी हरा चुकी है। अमेरिका की टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिनका भारत की तरफ से खेलने का सपना पूरा नहीं हो पाया था। इनमें सौरभ नेत्रवलकर और हरमीत सिंह भी शामिल हैं जिन्होंने अपनी टीम की तरफ से अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। पिच के व्यवहार ने भले ही टीमों के बीच अंतर को कम कर दिया है लेकिन अमेरिका के लिए भारतीय टीम से पार पाना आसान नहीं होगा।
अमेरिकी टीम में कई भारतीय मूल के खिलाड़ी
अमेरिका की टीम दूसरी भारतीय टीम की तरह नजर आती है क्योंकि उसमें भारतीय मूल के आठ खिलाड़ी हैं। इसके अलावा पाकिस्तानी मूल के दो तथा वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड का एक खिलाड़ी उसकी टीम का हिस्सा है। पाकिस्तान पर सुपर ओवर में जीत दर्ज करने के बावजूद अमेरिका के खिलाड़ियों की खास चर्चा नहीं है लेकिन भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन उन्हें क्रिकेट जगत में पहचान दिला सकता है। मोनांक पटेल, हरमीत, नेत्रवलकर, जेसी सिंह और नोशतुश केंजीगे की भारत से जुड़ी अपनी-अपनी कहानी हैं लेकिन जब सामने रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी हों तो मुकाबला आकर्षक होना लाजमी है।
अमेरिकियों के लिए सुनहरा अवसर
कोहली और रोहित जैसे बल्लेबाजों को गेंदबाजी करना या बुमराह जैसे गेंदबाज का सामना करने का मौका हमेशा नहीं मिलता है और ऐसे में अमेरिकी खिलाड़ियों के लिए यह यादगार मौका होगा। भारतीय टीम टॉस जीतने पर निश्चित तौर पर पहले बल्लेबाजी करना चाहेगी। अगर भारत पहले गेंदबाजी करता है तो फिर बुमराह, मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा जैसे गेंदबाजों के सामने अमेरिका के लिए तिहरे अंक में पहुंचना भी मुश्किल होगा।
दुबे फ्लॉप साबित हुए
पिछले मैच में शिवम दुबे भारत की कमजोर कड़ी साबित हुए थे। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से शानदार प्रदर्शन करने वाला यह आक्रामक बल्लेबाज यहां की परिस्थितियों से सामंजस्य से बिठाने में नाकाम रहा है। ऐसे में दुबे के लिए टीम में जगह बनाए रखना आसान नहीं होगा क्योंकि यशस्वी जायसवाल जैसे बल्लेबाज अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव जैसे कलाई के स्पिनरों को भी सुपर आठ से पहले मौका मिलना चाहिए। ऐसे में दुबे की जगह इन दोनों में से किसी एक को मौका मिल सकता है।
टी20 विश्व कप के लिए दोनों टीमें
भारत: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
रिजर्वः शुभमन गिल, रिंकू सिंह, खलील अहमद, आवेश खान।
अमेरिका: मोनांक पटेल (कप्तान), एरोन जोनेस (उप-कप्तान), एंड्रीस गोस, कोरी एंडरसन, अली खान, हरमीत सिंह, जेस्सी सिंह, मिलिंद कुमार, निसार्ग पटेल, नितीश कुमार, नोसतुश केनजिगे, सौरभ नेत्रवलकर, शेडली वैन शेलक्विक, स्टीवन टेलर, शायान जाहांगीर।
रिजर्वः गजानंद सिंह, जुआनोए ड्रेसाडाले, यासिर मोहम्मद।