समाचार एजेंसी एएनआई ने बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से बताया कि टीम इंडिया सिडनी में अभ्यास के बाद दिए जाने वाले खाने से खुश नहीं थी। भारतीय खिलाड़ियों को उनके अभ्यास सत्र के बाद गर्म भोजन नहीं दिया गया। खाने के मेन्यू में सैंडविच भी शामिल था। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, ''टीम इंडिया को जो खाना दिया गया वह अच्छा नहीं था। उन्हें सिर्फ सैंडविच दिया गया। उन्होंने आईसीसी को भी बताया कि सिडनी में अभ्यास सत्र के बाद दिया गया खाना ठंडा था और अच्छा नहीं था।''
ये भी पढ़ें: T20 WC: सिडनी पहुंची टीम इंडिया, कार्तिक ने अश्विन से कहा थैंक यू, भारतीय स्पिनर ने दिया मजेदार जवाब, VIDEO
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भोजन उपलब्ध करा रही है। हैरानी की बात है कि आईसीसी दोपहर के भोजन के बाद कोई गर्म भोजन नहीं दे रही है। द्विपक्षीय सीरीज के दौरान खाने का इंतजाम मेजबान की ओर से होता है। बीसीसीआई सूत्र ने यह भी बताया कि टीम इंडिया अभ्यास सत्र में भी भाग नहीं ले रही है क्योंकि उन्हें होटल से लगभग 45 मिनट की दूरी पर ब्लैकटाउन (सिडनी से सटे छोटा शहर) में अभ्यास करने की जगह दी गई है। आईसीसी के सूत्र ने इस मामले पर कहा कि सभी टीमों को खाने का मेन्यू पहले ही बता दिया गया था। अगर उन्हें समस्या थी तो पहले बताना चाहिए था। फिर भी इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें: T20 WC: 20वें ओवर में फ्री हिट पर कोहली हुए बोल्ड, फिर भी क्यों मिले तीन रन? यहां जानें नो और डेड बॉल के नियम
भारत के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग इस मामले पर खुद को बोलने से नहीं रोक पाए। उन्होंने ट्विटर पर कहा- वे दिन चले गए जब लोगों को लगता था कि पश्चिमी देशों में अतिथियों का अच्छा स्वागत है। अब इस मामले में भारत अधिकांश पश्चिमी देशों से आगे है।
भारत ने 23 अक्तूबर को टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की। उसने रोमांचक मैच में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को चार विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया ने इस जीत के साथ ही पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में मिली हार का बदला भी ले लिया था। भारत के ग्रुप-2 में एक मैच में दो अंक हैं। उसका नेट रनरेट +0.050 है। वह ग्रुप-2 में दूसरे पायदान पर है। बांग्लादेश एक मैच में दो अंक के साथ शीर्ष पर है। उसका नेट रनरेट (+0.450) भारत से ज्यादा है।